
सीहोर। जिला मुख्यालय के पास कांकडख़ेड़ा स्थित अल्फा प्रोटीन फैक्ट्री में भारी मात्रा में गौवंश का चमड़ा मिलने के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोतवाली चौराहे पर फैक्ट्री प्रबंधन और संचालक आशीष गोयल के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए संचालक का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में हिन्दुओं की धार्मिक भावनाओं और आस्था के साथ खुलेआम खिलवाड़ किया जा रहा है। गुजराती ने आरोप लगाया कि आकाओं के संरक्षण में फैक्ट्री में अवैध गौरखधंधा चल रहा है। उन्होंने कहा कि फैक्ट्री में गौवंश का चमड़ा मिलना और ट्रक पकड़ा जाना एक गंभीर अपराध है, लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।
पर्यावरण और धर्म दोनों को किया जा रहा भ्रष्ट
राजीव गुजराती ने फैक्ट्री की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यहां न तो एनजीटी के नियमों का पालन हो रहा है और न ही प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का। फैक्ट्री का केमिकल युक्त, बदबूदार और पशुओं के अवशेषों वाला गंदा पानी बिना ट्रीटमेंट के सीधे खेतों में छोड़ा जा रहा है। इसी दूषित पानी से उगने वाली सब्जियां और अनाज लोग खा रहे हैं, जिससे न केवल लोगों का स्वास्थ्य बिगड़ रहा है बल्कि उनकी धार्मिक शुद्धता भी नष्ट हो रही है।
प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने प्रशासन से मांग की है कि फैक्ट्री प्रबंधन और संचालक के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए। एक उच्च स्तरीय टीम गठित कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो। जांच में इस बात का खुलासा हो कि इस अवैध कार्य में कौन-कौन लिप्त है और किसका संरक्षण प्राप्त है।
प्रदर्शन में ये रहे मौजूद
विरोध प्रदर्शन में विवेक राठौर, प्रीतम दयाल चौरसिया, राजेंद्र वर्मा, राजाराम बड़े भाई, डॉ. अनीस खान, नरेंद्र खंगराले, प्रेम नारायण परमार, घनश्याम मीणा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।