मिडघाट पर अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, बैतूल निवासी एक व्यक्ति की मौत, दो गंभीर

सीहोर। बुधनी स्थित मिडघाट पर सतकुंडा झरने के पास बुधवार को एक भीषण सडक़ हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक अपने वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और दोनों घायल बैतूल जिले के निवासी हैं। पुलिस फिलहाल घायलों और मृतक की सटीक पहचान स्थापित करने के साथ उनके परिजनों से संपर्क साधने का प्रयास कर रही है।
डायल-112 ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है।
फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके का फायदा उठाकर भाग निकला। पुलिस ने अज्ञात वाहन और उसके चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर पुलिस द्वारा फरार वाहन व चालक की तलाश जा रही है।



