केंद्रीय मंत्री शिवराज की अफसरों को दो टूक, जनता को परेशान किया तो होगी कार्रवाई

सीहोर। जिले के इछावर अंतर्गत आजाद चौक में रविवार को एक विशाल जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मध्य प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा उपस्थित रहे। शिविर में क्षेत्र के विकास और सरकारी योजनाओं को लेकर कई बड़े ऐलान किए गए।
शिविर में उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कुछ प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कुछ अफसरों को जनता के काम रोकने में ही मजा आता है। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि वे पॉजिटिव माइंडसेट के साथ काम करें और सरकार की मंशा पर पलीता न लगाएं। उन्होंने कहा कि उन्हें शिकायतें मिली हैं कि पात्र लोगों के नाम भी किसी न किसी बहाने से काट दिए जा रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि अब ऐसा बिल्कुल नहीं चलेगा। एक-एक आवेदन की ठीक से जांच होगी और गड़बड़ी करने वाले दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी गरीब का हक नहीं मारा जाएगा।
आवास योजना को लेकर जनता को किया आश्वस्त
प्रधानमंत्री आवास योजना का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में हर पात्र व्यक्ति को पक्के मकान का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि इछावर क्षेत्र में लगभग 21 हजार लोगों का सर्वे पूरा कर लिया गया है। वर्तमान में इन आवेदनों का फिजिकल वेरिफिकेशन किया जा रहा है। वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी होते ही सभी कच्चे मकान वालों को पक्का मकान बनाने के लिए राशि स्वीकृत कर दी जाएगी। जनता को अब अपने काम के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
36 गांवों के लिए सडक़ों की बड़ी सौगात
क्षेत्र के विकास को गति देते हुए राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा की मौजूदगी में एक और बड़ी घोषणा की गई। इछावर क्षेत्र के जो छोटे-छोटे गांव अब तक मुख्य सडक़ों से नहीं जुड़ पाए थे, उन्हें बड़ी राहत दी गई है। शिविर के दौरान क्षेत्र के 36 गांवों के लिए 36 नई सडक़ों के स्वीकृति पत्र सौंपे गए। इन सडक़ों के बनने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन बेहद सुगम और आसान हो जाएगा।
कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन
इस भव्य जनकल्याण शिविर में प्रशासनिक अधिकारियों सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक और हितग्राही उपस्थित रहे, जिन्हें मौके पर ही विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। वहीं दूसरी ओर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के इछावर आगमन पर राजनीति भी गरमाई नजर आई। इछावर पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय मंत्री का काफिला रोककर अपनी मांगों को लेकर उन्हें एक ज्ञापन भी सौंपा।

Exit mobile version