Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीविशेषसीहोर

ग्राम मरदानपुर पर बिल का 6 लाख बकाया, बिजली कंपनी ने काट दी पूरे गांव की लाइन

- ग्रामीणों का आरोप, जिनके बिल जमा उनकी भी काटी

सीहोर। मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा बिजली बिलों की वसूली के लिए अब सख्ती की जा रही है। यही कारण है कि गांवों की विद्युत आपूर्ति ही बंद की जा रही है। ऐसा ही मामला बुधनी विधानसभा क्षेत्र की रेहटी तहसील के ग्राम मरदानपुर का सामने आया है। यहां पर ग्राम पंचायत सहित ग्रामीणों का करीब 6 लाख रूपए का बिजली बिल बकाया है। बिलों की राशि जमा नहीं करने पर बिजली कंपनी रेहटी द्वारा पूरे गांव की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई है। इधर ग्रामीणों का आरोप है कि जिन लोगों के बिजली बिल जमा है उनकी भी बिजली काट दी गई है। यह मनमानी है। ग्रामीणों ने कहा है कि वे इसकी शिकायत उपर तक करेंगे।
वसूली के लिए सख्ती, करोड़ों का बकाया-
मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी रेहटी का करोड़ों रूपए का बिजली बिल बकाया है। एक अनुमान के मुताबिक करीब 40 करोड़ रूपए से अधिक की राशि कंपनी के कार्यक्षेत्र में आने वाले गांवों पर बकाया है। इस राशि की वसूली के लिए बिजली कंपनी द्वारा लगातार लोगों से अपील की जा रही है। अब कंपनी सख्ती भी बरत रही है। कंपनी के कर्मचारी वसूली के लिए जा रहे हैं एवं नहीं होने पर विद्युत आपूर्ति की सप्लाई ही बंद की जा रही है।
ग्रामीणों में गुस्सा, करेंगे उपर शिकायत-
मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी रेहटी द्वारा ग्राम मरदानपुर की बिजली बंद किए जाने से ग्रामीणों में गुस्सा है। अब वे उपर तक शिकायत करने की बात कह रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई लोगों के बिजली बिल जमा है, लेकिन इसके बाद भी बिजली कंपनी द्वारा पूरे गांव की बिजली काट दी गई है। यह ठीक नहीं है। जिनके बिल जमा नहीं हैं उनके घरों की बिजली काटी जाए, पूरे गांव को अंधेरे में क्यों रखा जा रहा है।
इनका कहना है-
बिजली बिलों को लेकर लगातार लोगों से अपील की जा रही है कि वे समय पर बिजली बिल जमा करें। ग्राम मरदानपुर में पंचायत सहित ग्रामवासियों का 6 लाख से ज्यादा का बकाया है। विद्युत आपूर्ति बंद की गई है एवं लोगों से अपील की है कि वे समय पर बिलों का भुगतान करें।
– राहुल सिंह, जेई, मप्रमक्षेविवि कंपनी, रेहटी
ग्राम पंचायत मरदानपुर का बिजली बिल करीब 15 हजार रूपए बकाया है। इसके साथ ही ग्रामीणों का भी बिल जमा नहीं हुआ है। बिजली कंपनी द्वारा पूरे गांव की बिजली काट दी गई है। हम बिल जमा करवा रहे हैं। जल्द ही विद्युत आपूर्ति बहाल हो जाएगी।
– जीतू मालवीय, सरपंच, ग्राम पंचायत मरदानपुर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button