Newsआष्टाइछावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

टूटा ग्रामीणों के सब्र का बांध, अवैध रेत ले जा रहे ट्रैक्टर चालक की जमकर धुनाई, वीडियो वायरल

सीहोर। भैरुंदा इलाके में लंबे समय से बेखौफ चल रहे अवैध रेत के काले कारोबार को लेकर आखिरकार स्थानीय ग्रामीणों के सब्र का बांध टूट गया। बिना रॉयल्टी और नियमों को ताक पर रखकर धड़ल्ले से रेत ले जा रहे ट्रैक्टरों से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा रविवार को फूट पड़ा। ग्रामीणों ने रास्ते में ही रेत से भरे वाहनों को घेर लिया। सवाल-जवाब से शुरू हुई बहस देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई और गुस्साए ग्रामीणों ने एक ट्रैक्टर चालक की जमकर पिटाई कर दी। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पूरा मामला छापरी, निमोटा, बबलीखेड़ा और सनकोटा मार्ग का है। ग्रामीणों के अनुसार सातदेव, चौरसाखेड़ी और छीपानेर क्षेत्र से रोजाना 50 से 60 भारी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां अवैध रूप से रेत भरकर इस कच्चे रास्ते से तेजी से गुजरती हैं। लगातार भारी वाहनों की आवाजाही के कारण पूरी सडक़ बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे आम राहगीरों और स्कूल जाने वाले मासूम बच्चों का निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने यह भी गंभीर आरोप लगाया कि क्षेत्र में कई ट्रैक्टर चालक बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस और बिना किसी कागज़ातात के गाडिय़ां दौड़ा रहे हैं, जिससे हर समय बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।
मारपीट में बदला मामला
ग्रामीणों ने जब बिना रॉयल्टी रेत परिवहन कर रहे चालकों को रोककर पूछताछ की तो चालकों ने सीनाजोरी दिखाना शुरू कर दिया। इसी बात पर ग्रामीणों का गुस्सा भडक़ गया और बात मारपीट तक जा पहुंची देखते ही देखते ग्रामीणों ने एक चालक की धुनना शुरू कर दी, जिसका किसी ने वीडियो बनाकर इंटरनेट पर अपलोड कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रशासनिक अमले में हडक़ंप, 3 ट्रैक्टर जब्त
सडक़ पर हंगामे और मारपीट की खबर फैलते ही प्रशासनिक अमले में हडक़ंप मच गया। सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। प्रशासन ने बिना रॉयल्टी रेत ले जा रहे तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को ज़ब्त कर लाडक़ुई चौकी में खड़ा करवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button