ई.बस सेवा के लिए सीहोर को करना होगा 15 अगस्त तक इंतजार, भोपाल में आज से फ्री ट्रायल शुरू

सीहोर। सीहोर और भोपाल के बीच दैनिक आवाजाही करने वाले यात्रियों के लिए जल्द ही एक आरामदायक सफर की शुरुआत होने जा रही है। हालांकि सीहोर के लोगों को आधुनिक और वातानुकूलित ई.बस सेवा का लाभ लेने के लिए 15 अगस्त तक का थोड़ा इंतजार करना होगा। दूसरी ओर राजधानी भोपाल में सोमवार से 10 ई.बसों का यात्रियों के साथ मुफ्त ट्रायल रन शुरू हो चुका है।
भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड द्वारा प्रथम चरण में शुरू किए जा रहे 10 इंटरसिटी रूटों में सीहोर जिले को खास प्राथमिकता दी गई है। योजना के अनुसार इस चरण का सबसे लंबा रूट 68.5 किमी सीहोर से रातापानी के बीच होगा। यह बस सीहोर से रवाना होकर फंदा, बैरागढ़, कलेक्ट्रेट, हमीदिया अस्पताल, रोशनपुरा, बोर्ड ऑफिस होते हुए रातापानी तक जाएगी। इसके अलावा बिलखिरिया-सीहोर 61.5 किमी और अचारपुरा-बिलकिसगंज 41.8 किमी जैसे लंबे रूट भी तैयार किए गए हैं।
15 अगस्त से शुरू होगा नियमित संचालन
अधिकारियों के मुताबिकए भोपाल में आंतरिक रूटों पर चल रहा फ्री ट्रायल सफल रहने के बाद 15 अगस्त से ई.बसों का कमर्शियल संचालन शुरू कर दिया जाएगा। पहले चरण में कुल 100 बसें सडक़ों पर उतरेंगी। सीहोर और बिलकिसगंज रूटों के लिए बसों की समय-सारणी और किराए का निर्धारण जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
हाई-टेक और स्मार्ट सुविधाओं से लैस होंगी बसें
पर्यावरण के अनुकूल ये ई.बसें पूरी तरह एयरकंडीशन, सीसीटीवी कैमरे और एआई आधारित पैसेंजर काउंटर सिस्टम से लैस होंगी। यात्री मोबाइल ऐप के जरिए आसानी से टिकट और पास बनवा सकेंगे। इन बसों के संचालन और चार्जिंग की मुख्य व्यवस्था बैरागढ़ डिपो में की गई है। इस सेवा के शुरू होने से सीहोर के नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और आम यात्रियों को भोपाल आने-जाने में बड़ी राहत मिलेगी।



