Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

16 श्रृंगार कर महिलाओं ने निकाला गणगौर चल समारोह, उत्साह से निभाई सिंजारा की परंपरा

सीहोर। शहर में गणगौर का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शुक्रवार को स्वर्णकार, अग्रवाल और माहेश्वरी समाज सहित विभिन्न संगठनों द्वारा पारंपरिक रूप से सिंजारा उत्सव और भव्य चल समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान सुहागिन महिलाओं ने सोलह श्रृंगार कर गणगौर माता की पूजा अर्चना की और सुख समृद्धि की कामना की।
स्वर्णकार समाज महिला मंडल के तत्वाधान में भव्य चल समारोह निकाला गया। अध्यक्ष सरोज सोनी और संयोजक सुनीता सोनी के नेतृत्व में यह समारोह अग्रवाल पंचायत से शुरू होकर सराफा बाजार और मुकेरी लाइन होते हुए गांधी पार्क पहुंचा। मार्ग में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में माता गणगौर के गीत गाते और झाले देते हुए चल रही थीं। गांधी पार्क में विभिन्न समाजों की महिलाओं ने एकत्रित होकर उत्सव मनाया और कई प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सिंजारे की रही धूम
गणगौर से एक दिन पहले सिंजारा की परंपरा निभाई गई। इस अवसर पर बेटियों और बहुओं को मायके व ससुराल पक्ष से सुहाग सामग्री, मेहंदी, घेवर, नए वस्त्र और आभूषण भेंट किए गए। महिलाओं ने हाथों में मेहंदी रचाकर और सज धजकर माता गणगौर की आराधना की।
बरसों पुरानी परंपरा का निर्वहन
स्वर्णकार समाज महिला मंडल पिछले कई वर्षों से इस आयोजन को भव्य रूप देता आ रहा है। मंडल की पदाधिकारियों ने बताया कि इस उत्सव का उद्देश्य अपनी संस्कृति को जीवित रखना और समाज की महिलाओं को एक मंच पर लाना है। समारोह में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्सवपूर्ण हो गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button