विकसित भारत के संकल्प के लिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें कार्यकर्ता: अजय जामवाल

सीहोर। भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने सोमवार को जिला कार्यालय में आयोजित कामकाजी बैठक, जनप्रतिनिधि बैठक और जिला कोर ग्रुप की बैठकों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाना है। इस संकल्प की सिद्धि के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपना अमूल्य योगदान देना होगा।
जामवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार समाज के हर वर्ग, विशेषकर गरीबों, युवाओं, महिलाओं और किसानों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा केवल चुनावी राजनीति नहींए बल्कि जनसेवा के माध्यम से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करती है। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मंडल और शक्ति केंद्रों तक प्रवास करें और बूथ स्तर पर पार्टी की नींव को और अधिक सशक्त बनाएं।

घर-घर पहुंचाएं योजनाएं
बैठक के दौरान संगठन महामंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं और पात्र हितग्राहियों को उनका लाभ दिलाने में मदद करें। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुई। जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने स्वागत भाषण देते हुए जिले की संगठनात्मक संरचना की जानकारी दी।
आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा
बैठक में संभाग प्रभारी डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान ने आजीवन सहयोग निधि और आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा की। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री करणसिंह वर्मा, विधायक रमाकांत भार्गव, सुदेश राय, जिला प्रभारी विकास विरानी और गोपाल इंजीनियर सहित बड़ी संख्या में जिला पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठकों के पश्चात श्री जामवाल ने जनसंघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता किशन पचौरी के निवास पहुंचकर उनका सम्मान किया और वरिष्ठों के अनुभवों पर चर्चा की।



