बाइक सवार युवक पर हमला, जान बचाकर भागा तो बाइक पर बरसाईं लाठियां, वीडियो वायरल

सीहोर। मुगीसपुर गांव में दिनदहाड़े गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। बेखौफ बदमाशों ने राह चलते एक बाइक सवार युवक को रोककर अचानक उस पर हमला कर दिया। बदमाशों के अचानक हुए इस हमले से घबराया युवक अपनी बाइक मौके पर ही छोडक़र किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला।
युवक के भाग जाने के बाद भी हमलावरों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। बदमाशों ने सडक़ पर पड़ी युवक की बाइक पर ही लाठियों से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए और कुछ ही देर में बाइक को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
किसी ने नहीं की रोकने की हिम्मत
घटना के वक्त सडक़ पर कई अन्य राहगीर और स्थानीय लोग मौजूद थे, लेकिन हमलावरों के हाथ में लाठियां और उनका आक्रामक रवैया देखकर किसी की भी उन्हें रोकने या बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं हुई। लोग मूकदर्शक बने दहशत के साए में यह पूरा घटनाक्रम देखते रहे।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
इस पूरी वारदात का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक सडक़ पर गिरी बाइक को लाठियों से बेरहमी से पीटते हुए साफ नजर आ रहे हैं। वीडियो के सामने आते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले की गंभीरता को देखते हुए लाठी से हमला और तोडफ़ोड़ करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।



