कल लगेगा युवा संगम रोजगार मेला, 2016 पदों पर होगी बंपर भर्ती

सीहोर। जिले के शिक्षित और बेरोजगार युवाओं के लिए अपना भविष्य संवारने का सुनहरा अवसर सामने आया है। युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और अप्रेंटिसशिप के बेहतर अवसर एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कल यानी मंगलवार 9 जून को शहर में एक विशाल रोजगार मेले का आयोजन होने जा रहा है। यह युवा संगम रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस परिसर में सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगा। इस मेले के माध्यम से विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा कुल 2016 खाली पदों पर युवाओं की सीधी भर्ती की जाएगी।
रोजगार मेले को सफल बनाने के लिए जिला रोजगार विभाग द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। मेले में न केवल सीहोर और मध्य प्रदेश की स्थानीय कंपनियों को बुलाया गया है, बल्कि देश के अन्य राज्यों की नामचीन और प्रतिष्ठित औद्योगिक कंपनियों को भी आमंत्रित किया गया है। ये कंपनियां अपनी आवश्यकता के अनुसार विभिन्न तकनीकी और गैर तकनीकी पदों के लिए युवाओं का इंटरव्यू लेंगी और योग्यता के आधार पर मौके पर ही उनका चयन कर उन्हें रोजगार प्रदान करेंगी।
नया बिजनेस शुरू करने वालों के लिए भी बड़ा मंच
मेले की खासियत यह है कि यह सिर्फ नौकरी चाहने वालों के लिए ही नहीं, बल्कि खुद का नया काम या बिजनेस शुरू करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए भी मददगार साबित होगा। मेले में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र सहित विभिन्न स्वरोजगार संचालित करने वाले विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां पूर्व में स्वरोजगार योजनाओं का लाभ ले चुके सफल हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा साथ ही नया उद्योग या व्यवसाय शुरू करने के इच्छुक युवाओं के लोन और सब्सिडी से जुड़े नए आवेदन व प्रकरण भी मौके पर ही तैयार किए जाएंगे।
आईटीआई युवाओं को मिलेगी अप्रेंटिसशिप
इसके अतिरिक्त जिन युवाओं ने हाल ही में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था से अपनी तकनीकी पढ़ाई पूरी की है, उनके लिए आईटीआई विभाग द्वारा विशेष स्टॉल लगाया जाएगा। यहां नामचीन औद्योगिक घराने युवाओं को अप्रेंटिसशिप के लिए चयनित करेंगे, जिससे युवाओं को आगे चलकर बड़ी कंपनियों में स्थाई नौकरी मिलने के रास्ते आसान हो सकेंगे।
जिला प्रशासन और रोजगार विभाग ने जिले के सभी योग्यताधारी, इच्छुक युवाओं और छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे कल 9 जून को समय पर अपने सभी आवश्यक मूल दस्तावेजों, रिज्यूम और पासपोर्ट साइज फोटो के साथ प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस पहुंचें और इस बड़े अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

Exit mobile version