खेल

महिला अंडर-19 टीम के लिए राहुल द्रविड़ ने भेजा खास संदेश….

आईसीसी महिला अंडर-19  टी20 विश्व कप में भारत की जीत के बाद सीनियर पुरुष टीम के खिलाड़ी काफी खुश नजर आए। कोच राहुल द्रविड़ के साथ सभी खिलाड़ियों ने चैंपियन लड़कियों के लिए खास संदेश भेजा है। द्रविड़ ने इसे ऐतिहासिक दिन बताया है। उनके अलावा अपनी कप्तानी में भारत को अंडर-19 चैंपियन बनाने वाले पृथ्वी शॉ ने भी महिला टीम को बधाई दी है। बीसीसीआई ने सोशल मीडिया पर इसे लेकर एक वीडियो शेयर किया है।

द्रविड़ की कोचिंग में भारतीय पुरुष अंडर-19 टीम ने 2018 में 50 ओवरों के फॉर्मेट वाले अंडर-19 विश्व कप को जीतने में सफलता हासिल की थी। द्रविड़ ने बीसीसीआई द्वारा पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा, "आज का दिन भारतीय महिला अंडर-19 टीम के लिए एक ऐतिहासिक दिन था।'' द्रविड़ ने इसके बाद माइक को पूर्व पुरुष-19 चैंपियन कप्तान पृथ्वी शॉ की ओर बढ़ा दिया।

पृथ्वी शॉ ने क्या कहा?

पृथ्वी शॉ ने कहा, ''मुझे लगता है कि यह एक बड़ी उपलब्धि है। बधाई हो, शाबाश।" पृथ्वी के बोलने के बाद लखनऊ में स्थित पूरी टीम ने महिला टीम के लिए एक साथ तालियां बजाईं।

भारत ने 14 ओवर में ही जीत हासिल कर ली

फाइनल में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को सात विकेट से हरा दिया। यह महिला अंडर-19 टी20 विश्व कप का पहला संस्करण था और भारत ने जीतकर इतिहास रच दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की पूरी टीम 68 रन पर सिमट गई। जवाब में भारत ने 14 ओवर में तीन विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button