भोजपुर में नौ लाख मजूदरों का होगा रजिस्ट्रेशन, बनेगा ई श्रमिक कार्ड

आरा
भोजपुर में असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के निबंधन का कार्य तीव्र गति से जारी है। विभाग की ओर से जिले के लिए नौ लाख लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें अब तक तीन लाख मजदूरों का निबंधन पोर्टल पर किया जा चुका है। इसके लिए जिले के सभी प्रखंडों एवं वसुधा केंद्रों में नि:शुल्क निबंधन की सुविधा श्रमिकों को दी जा रही है। केंद्र सरकार की मजदूरों के हित में संचालित इस योजना का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों का विशिष्ट पहचान पत्र निर्गत करना है। इसका उद्देश्य यह है कि देश भर में श्रमिकों की पहचान कर उन्हें योजना के लाभ से लाभान्वित किया जा सके। श्रम एवं रोजगार मंत्रालय की ओर से संचालित इस योजना से निबंधित मजदूरों को नि:शुल्क बीमा से लेकर सरकार की योजनाओं का लाभ दिया जाएगा और इन्हें रोजगार से जोड़ा जाएगा।
16 से 59 वर्ष के लोगों का पंजीकरण विभाग के पोर्टल पर किया जा रहा है। सरकार की योजना के तहत पंजीकृत श्रमिकों को पीएम सुरक्षा भीम योजना के अंतर्गत एक साल के लिए मुफ्त दिया जाएग। इस योजना के लिए वही लाभार्थी योग्य होंगे, जो इनकम टैक्स न भर रहे हों और ईपीएफओ एवं ईएसआईसी में रजिस्टर्ड न हों। बता दें कि जिले को निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए विभाग की ओर से दिसंबर माह में दो दिवसीय कैंप का आयोजन प्रखंडों में किया गया था। हालांकि तकनीकी कारणों से निबंधन की गति प्रभावित हो गई। दो दिनों के भीतर ढाई हजार श्रमिकों का ही निबंधन हो सका है। विभाग इसे अनवरत जारी रखने का कार्य कर रहा है। अभी प्रखंडों में एक ऑपरेटर को निबंधन के लिए रखा गया है, जबकि वसुधा केंद्रों पर भी निशुल्क निबंधन की सुविधा प्रदान की जा रही है।
असंगठित श्रमिक कौन हो सकते हैं
छोटे और सीमांत किसान, खेतिहर मजदूर, शेयर क्रापर्स, मछुआरा, पशुपालन में लगे लोग बीड़ी रोलिंग, लेबलिंग और पैकेजिंग, भवन और निर्माण श्रमिक, चमड़े के कर्मचारी, बुनकर, बढ़ाई, नमक कार्यकर्ता, ईट भट्ठा और पत्थर की खदानों में काम करने वाले मजदूर, आरा मिलों में काम करने वाले, दाइयों, घरेलू श्रमिक, नाईयो, सब्जी और फल विक्रेता, समाचार पत्र विक्रेता, रिक्शा खींचने वाले, ऑटो चालक, रेशम उत्पादन कर्ता, बढ़ई, टेनरी कार्यकर्ता, सामान्य सेवा केंद्र, घर की नौकरानी, विक्रेताओं, मनरेगा कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता ,दूध विक्रेता किसान एवं प्रवासी मजदूर। भोजपुर की जिला श्रम पदाधिकारी प्रियंका कुमारी सिन्हा ने कहा, 'जिले में लक्ष्य नौ लाख के विरुद्ध तीन लाख से अधिक श्रमिकों का निबंधन अब तक पोर्टल पर किया जा चुका है। इसे अनवरत जारी रखने के लिए श्रमिकों का नि:शुल्क निबंधन प्रखंड एवं वसुधा केंद्रों पर चालू रहेगा। प्रत्येक प्रखंड में एक एक कंप्यूटर ऑपरेटर को रखा गया है। केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का लक्ष्य बहुत जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। इसके लिए विभागीय कर्मियों को कड़ा निर्देश जारी किया गया है।'
मजदूरों के निबंधन के लिए आज से सभी पंचायतों में लगेंगे कैंप
असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के शत-प्रतिशत निबंधन के लिए जिला श्रम कार्यालय शुक्रवार से जिले भर के ग्राम पंचायतों में निबंधन कैंप लगाएगा। यह 31 दिसंबर तक चलेगा। निबंधन कैंप का आयोजन ग्राम पंचायतों के पंचायत सरकार भवन एवं सामुदायिक भवन में आयोजित किया जाएगा। इसके लिए श्रम विभाग के अधिकारी एवं कर्मी की प्रतिनियुक्ति विभाग की ओर से की जा चुकी है। यह जानकारी जिला श्रम पदाधिकारी ने दी।