मुख्यमंत्री व राज्यपाल से सौजन्य मुलाकात की प्लास्टिक बंदी के संदेशक पदयात्री रोहन अग्रवाल

रायपुर
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से उनके निवास कार्यालय व राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके से राजभवन में प्लास्टिक बंदी और पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर पदयात्रा पर निकले रोहन अग्रवाल ने सौजन्य मुलाकात की।
अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनकी उम्र 20 वर्ष है और प्लास्टिक के दुष्परिणामों के प्रति लोगों में जागरूकता लाने के लिए 25 अगस्त 2020 से अपने पैदल सफर की शुरूआत की है। वे अब तक 16 राज्यों की यात्रा कर चुके हैं । उनका लक्ष्य प्लास्टिक से मुक्ति के इस संदेश को लेकर रूस के साइबेरिया तक पैदल यात्रा करने का है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छोटी सी उम्र में पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर पदयात्रा कर रहे रोहन अग्रवाल के जज्बे की सराहना करते हुए उन्हें उनके आगे के सफर के लिए शुभकामनाएं दी।
राज्यपाल से राजभवन में रोहन अग्रवाल ने भेंट कर उन्हें बताया कि वे देश के अनेक राज्यों की पैदल यात्रा कर रहे हैं, जिससे उन्हें अलग-अलग राज्यों की संस्कृतियों को जानने-समझने का मौका मिलता है। साथ ही अग्रवाल अपने भ्रमण के दौरान प्लास्टिक प्रदूषण के खतरों से भी लोगों को आगाह करते हैं। उनका इरादा साइबेरिया तक यात्रा करने का है। राज्यपाल ने रोहन को यात्रा की सफलता के लिए शुभकामनाएं दी। राज्यपाल ने शाल और स्मृति चिन्ह देकर उन्हें प्रोत्साहित किया। रोहन ने बताया कि वे गत दो वर्षों से पैदल यात्रा कर रहे हैं और उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, तेलंगाना आदि अनेक राज्यों की यात्रा कर चुके हैं। वे लोगों को इंसानियत और भाईचारे का संदेश भी देते हैं।