Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

शिवराज के संसदीय क्षेत्र का दबदबा, रायसेन नंबर-1 तो सीहोर तीसरे स्थान पर

सीहोर। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा जारी सीएम हेल्पलाइन की ताजा रैंकिंग में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के संसदीय क्षेत्र विदिशा के दो जिलों ने पूरे प्रदेश में सफलता का झंडा गाड़ा है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के प्रकरणों को सुलझाने में रायसेन जिला प्रथम स्थान पर रहा है, वहीं सीहोर जिले ने प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल कर अपनी कार्यकुशलता साबित की है।
गौरतलब है कि रायसेन और सीहोर दोनों ही जिले केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रभाव वाले क्षेत्र में आते हैं। सीहोर जिले की बुधनी और इछावर विधानसभा सीट संसदीय क्षेत्र का हिस्सा है। प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में इन जिलों का शीर्ष पायदान पर होना यहां के प्रशासनिक अमले की सक्रियता और जनसेवा के प्रति समर्पण को दर्शाता है। 20 अप्रैल को जारी रैंकिंग के अनुसार सीहोर जिले ने ग्रुप-ए श्रेणी में ‘ए’ ग्रेड प्राप्त किया है।
6057 शिकायतों का हुआ ए ग्रेड निराकरण
कलेक्टर बालागुरु के. के मार्गदर्शन में सीहोर जिले ने मार्च महीने में कुल 6,057 शिकायतों का निराकरण किया है। जिले का कुल वेटेज स्कोर 84.13 रहा। रैंकिंग में पहले स्थान पर रायसेन और दूसरे पर गुना जिला रहा है। कलेक्टर ने इस उपलब्धि का श्रेय पूरी टीम को देते हुए अब अगले लक्ष्य के रूप में जिले को नंबर.1 बनाने की शपथ दिलाई है।
कागजी नहीं, संतुष्टिपूर्ण समाधान पर जोर
कलेक्टर बालागुरु के. ने बताया कि जिले में शिकायतों को सिर्फ बंद नहीं किया जाता, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
घर-घर दस्तक: यदि समस्या जटिल हो तो अधिकारी खुद शिकायतकर्ता के घर जाकर समाधान करते हैं।
नियमित मॉनिटरिंग: कलेक्टर प्रतिदिन और हर सप्ताह समय-सीमा बैठक में शिकायतों की गहन समीक्षा करते हैं।
निचला अमला सक्रिय: ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत स्तर तक के अमले को जवाबदेह बनाया गया है ताकि लोगों को मुख्यालय के चक्कर न काटने पड़ें।
कलेक्टर बोले, लक्ष्य अब प्रथम स्थान
सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कलेक्टर ने कहा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे यही हमारा मुख्य उद्देश्य है। सुशासन का अर्थ ही जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण है। हमारी टीम ने कड़ी मेहनत की है और अगली बार हम प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button