सुरक्षा गार्ड से मारपीट कर भाग रहे थे चोर, रेहटी पुलिस ने दबोचा

सीहोर। रेहटी थाना पुलिस ने क्षेत्र में चल रहे नेशनल हाईवे निर्माण कार्य के दौरान लोहे के सरिया और जैक पाइप चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत एवं एसडीओपी बुदनी रवि शर्मा के मार्गदर्शन में गठित रेहटी पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल ट्रैक्टर-ट्रॉली और दो मोटरसाइकिलें भी जप्त की गई हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार फरियादी अम्बरीश द्विवेदी निवासी छत्तीसगढ़ हाल निवासी नक्टीतलाई रेहटी सीतारा सिक्योरिटी सर्विसेस का संचालन करते हैं। उनकी कंपनी के कर्मचारी बुदनी से नसरूल्लागंज तक बन रहे नेशनल हाईवे.146 बी के प्लांट नक्टीतलाई में सुरक्षा कार्य में तैनात हैं।
बीती 11 मई की रात करीब 1 बजे कलवाना नहर के पास बॉक्स कलवर्ट पुलिया निर्माण स्थल पर सुरक्षा गार्ड सचिन कुशवाह ड्यूटी पर था। इसी दौरान एक लाल रंग की महिंद्रा नोवो ट्रैक्टर-ट्रॉली और दो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिलों से कुछ अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे। बदमाश वहां रखे लोहे के सरिया और जैक पाइप चोरी कर ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरने लगे। जब बहादुर गार्ड सचिन ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।
साथियों को आता देख वाहन छोड़ भागे चोर
मारपीट और हंगामे की सूचना मिलते ही सुरक्षा कंपनी के अधिकारी अम्बरीश द्विवेदी, दीपु तिवारी और कृष्णा यादव तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्हें आता देख आरोपी घबरा गए और चोरी का सामान, ट्रैक्टर-ट्रॉली व अपनी दोनों मोटरसाइकिलें मौके पर ही छोडक़र अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। फरियादी की रिपोर्ट पर रेहटी थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
सोयत के दो आरोपी दबोचे
मामले की गंभीरता को देखते हुए रेहटी थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कहारे के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली, जिसके आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर रेहटी क्षेत्र के ही ग्राम सोयत के दो संदेहियों को हिरासत में लिया। आरोपियों दीपक यादव पिता निर्भय सिंह निवासी ग्राम सोयत थाना रेहटी और जीतेन्द्र लोवंशी पिता तुलाराम निवासी ग्राम सोयत थाना रेहटी। शामिल है। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना कुबूल कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस इनके फरार साथी की तलाश में जुटी है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लोहे के सरिए की 09 छड़ें, लोहे के जैक रॉड, वारदात में प्रयुक्त महिंद्रा ट्रैक्टर.ट्रॉली, दो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिलें जब्त की है। इस सफल खुलासे में रेहटी थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कहारे, टीम प्रभारी सउनि बीएस सिकरवार, प्रआर. उग्रसेन सिंह, आरक्षक जितेन्द्र गौर, आरक्षक अभिषेक, आरक्षक रविन्द्र और आरक्षक राजेन्द्र की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।



