Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

डेढ़ महीने में चोरों ने तीसरे मंदिर को बनाया निशाना, अब आराकश चौराहे के शिव मंदिर में चोरी

करौली माता और मठ मंदिर के बाद अब प्राचीन शिव मंदिर की दानपेटी ले उड़े चोर, वारदात सीसीटीवी में कैद

सीहोर। शहर में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वे लगातार धार्मिक स्थलों को अपना निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला शहर के आराकस मोहल्ले से सामने आया है, जहां बुधवार की देर रात चोरों ने एक प्राचीन शिव मंदिर में धाबा बोल दिया। अज्ञात चोर मंदिर के गर्भगृह से दानपेटी तोडक़र उसमें रखी हजारों रुपये की नकदी चुरा ले गए। पिछले डेढ़ महीने के भीतर शहर में किसी मंदिर को निशाना बनाने की यह तीसरी बड़ी वारदात है।
पुलिस और मंदिर समिति से मिली जानकारी के अनुसार चोरी की यह वारदात बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 2 बजकर 10 मिनट पर हुई। जब पूरा शहर सो रहा था, तब एक शातिर चोर सूनेपन का फायदा उठाकर मंदिर परिसर के भीतर दाखिल हुआ। चोर सीधे मंदिर के गर्भगृह तक पहुंच गया और वहां रखी दानपेटी को कटर या किसी औजार से तोड़ दिया। दानपेटी में श्रद्धालुओं द्वारा श्रद्धा से चढ़ाई गई पूरी नकदी समेटकर चोर रात के अंधेरे में ही रफूचक्कर हो गया।
चेहरा छिपाकर आया था बदमाश
सुबह जब पुजारी और स्थानीय लोग पूजा अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तब टूटी हुई दानपेटी देखकर चोरी का पता चला। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई तो उसमें चोरी की यह पूरी वारदात रिकॉर्ड मिली है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक व्यक्ति बड़ी आसानी से दानपेटी को तोड़ रहा है। हालांकि शातिर चोर ने पहचान से बचने के लिए अपना चेहरा ढका हुआ था, जिसके कारण उसकी शिनाख्त करना फिलहाल पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।
डेढ़ महीने में तीसरी वारदात
इस घटना की खबर फैलते ही आराकस चौराहा क्षेत्र में तनाव और चिंता का माहौल है। आसपास के रहवासियों का कहना है कि शहर में लगातार मंदिरों को निशाना बनाया जाना पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल है। बता दें पिछले डेढ़ महीने के अंदर शहर के प्रसिद्ध करौली माता मंदिर और मठ मंदिर में भी इसी तरह चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। हालांकि उन दोनों ही मामलों में पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन पुलिस की इस कार्रवाई के बावजूद चोरों में कानून का खौफ नजर नहीं आ रहा है और अब तीसरे मंदिर में चोरी हो गई।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मौका-मुआयना किया। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मंदिर के सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है और आसपास के रास्तों पर लगे अन्य कैमरों को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button