नीट धांधली के विरोध में सीहोर-बुधनी में कांग्रेस ने निकाला कैंडल मार्च

सीहोर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के आह्वान पर शनिवार शाम सीहोर और बुधनी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विशाल कैंडल मार्च निकाला और सत्याग्रह किया। नीट परीक्षाओं में हुई कथित धांधली, पेपर लीक और प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में यह प्रदर्शन किया गया।
जिला मुख्यालय पर जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में कैंडल मार्च निकाला गया, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। जिलाध्यक्ष गुजराती ने कहा कि देश की परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और सरकार युवाओं के भविष्य की रक्षा करने में नाकाम रही है।

बुधनी के महाराणा प्रताप तिराहे पर कैंडल मार्च
पेपर लीकए परीक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं तथा प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस पार्टी के आह्वान पर शनिवार शाम बुधनी नगर के महाराणा प्रताप तिराहे पर कैंडल मार्च एवं सत्याग्रह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के गूंज आंदोलन तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष योगेश सिंह राजपूत सोनू के नेतृत्व में निकाले गए कैंडल मार्च में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन किया। इस दौरान पेपर लीक की घटनाओं, परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की कमी और छात्रों के साथ हुए कथित अन्याय के विरोध में जमकर नारेबाजी की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह कैंडल मार्च पेपर लीक से प्रभावित तथा इससे जुड़े घटनाक्रम में जान गंवाने वाले छात्रों की स्मृति को समर्पित है। उन्होंने प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ हुई पुलिस मारपीट की निंदा करते हुए केंद्र सरकार से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने तथा लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मांग रखी कि परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं की नैतिक जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती। कांग्रेस ने परीक्षा व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह बनाने की मांग दोहराई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्रों के अधिकारों और न्याय की यह लड़ाई केवल एक आंदोलन नहींए बल्कि देश के युवाओं के भविष्य की लड़ाई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस सत्याग्रह के मार्ग पर चलते हुए छात्रों के हितों की आवाज सडक़ से लेकर संसद तक मजबूती से उठाती रहेगी और जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलता तथा दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सोनू राजपूत, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय यादव, बगवाड़ा मंडल अध्यक्ष राकेश यादव, पीली करार मंडलम अध्यक्ष हरीश मालवीय, किसान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष हरीश मीणा, प्रमोद चौहान, युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सौरभ दुबे, सुशील मीना, कपिल मल्होत्रा, महेंद्र यादव, अरुण यादव, मोहित राव, कृष्णा दुबे, साक्षी शर्मा आदि अनेक कांग्रेसियों मौजूद रहे।



