बाढ़ पीडि़तों को मुआवजा दिलाने मैदान में उतरी कांग्रेस, राजीव की अगुवाई में अहमदपुर से शुरू हुई राहत पैकेज पदयात्रा

सीहोर। सीहोर विधानसभा क्षेत्र के लगभग चार दर्जन गांवों में हाल ही में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राहत और न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस ने आज (बुधवार) से मैदान संभाल लिया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में अहमदपुर से श्यामपुर तक भव्य राहत पैकेज पदयात्रा की शुरुआत हो चुकी है।
बता दें बाढ़ से तबाह हुए परिवारों की मांगों और समस्याओं को शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली जा रही इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, किसान और बाढ़ पीडि़त शामिल हुए हैं।
बाढ़ से मची भारी तबाही

क्षेत्र में आई हालिया बाढ़ के कारण कई गांवों में भारी तबाही हुई है। दर्जनों परिवारों के मकान ढह गए हैं, खेतों में खड़ी फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी हैं, जबकि घरों में रखा अनाज, दुकानें और मवेशी बह गए हैं। इस आपदा से प्रभावित ग्रामीणों को राहत राशि और मुआवजा दिलवाने के लिए कांग्रेस यह लड़ाई लड़ रही है।
दो चरणों में तय हो रहा पदयात्रा का मार्ग
आज निकाली जा रही इस पदयात्रा को दो अलग-अलग चरणों में आयोजित किया गया है। पहला चरण में पदयात्रा की शुरुआत आज सुबह 9 बजे अहमदपुर से हुई है। यह यात्रा वनखेड़ा होते हुए चरनाल पहुंचेगी, जहां पदयात्रियों का अल्प विश्राम रहेगा। जबकि दोपहर 12 बजे पदयात्रा का दूसरा चरण छतरी गांव से प्रारंभ होगाए जो सोठी होते हुए श्यामपुर पहुंचेगा।
श्यामपुर तहसील कार्यालय का करेंगे घेराव
पदयात्रा का समापन दोपहर 2 बजे श्यामपुर तहसील कार्यालय पर होगा। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता और प्रभावित ग्रामीण मिलकर तहसील कार्यालय का घेराव करेंगे और प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपेंगे।
कांग्रेस की मुख्य मांगें
– बाढ़ प्रभावित परिवारों को तुरंत विशेष राहत पैकेज दिया जाए।
– राजस्व विभाग द्वारा निष्पक्ष सर्वे कराकर वास्तविक नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए।
– बेघर हुए लोगों और किसानों को हर संभव सहायता दी जाए।
– जिला कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी है कि यदि बाढ़ पीडि़तों को जल्द से जल्द राहत राशि और उचित मुआवजा नहीं दिया गया तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा।



