जॉब्स

इन संस्थाओं में एडमिशन के लिए करें आवेदन, जानिए कब और कैसे..

सीहोर। डॉ. अम्बेडकर शासकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था आईटीआई में सत्र 2026-27 हेतु विभिन्न व्यवसायों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी विभागीय पोर्टल पर जाकर “प्रवेश रजिस्ट्रेशन 2026” विकल्प के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। संस्था में इस वर्ष हिन्दी स्टेनो, कम्प्यूटर ऑपरेटर एवं प्रोग्रामिंग असिस्टेंट, कम्प्यूटर हार्डवेयर एवं नेटवर्किंग मेंटेनेंस, फैशन डिजाइन एवं टेक्नोलॉजी, विद्युतकार, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, स्पिनिंग टेक्नीशियन जैसे विभिन्न व्यवसाय संचालित किए जा रहे हैं। इनमें एक वर्षीय एवं दो वर्षीय पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। प्रवेश के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। संस्था में विभिन्न ट्रेडों में कुल स्वीकृत सीटें भी निर्धारित की गई हैं, जिनमें हिन्दी स्टेनो एवं कम्प्यूटर ऑपरेटर ट्रेड में 48-48 सीटें, फैशन डिजाइन एवं टेक्नोलॉजी में 40 सीटें, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक में 24 सीटें तथा अन्य ट्रेडों में 20-20 सीटें उपलब्ध हैं। प्रवेश हेतु अभ्यर्थी की आयु 01 अगस्त 2026 को न्यूनतम 14 वर्ष होना आवश्यक है। आवेदन के समय मूल निवासी प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, 10वीं की अंकसूची, दिव्यांग होने पर दिव्यांगता प्रमाण पत्र तथा स्थानांतरण प्रमाण-पत्र (टी.सी.) की मूल प्रतियां प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। संस्था द्वारा अनुसूचित जाति की महिला प्रशिक्षणार्थियों को विशेष सुविधाएं भी प्रदान की जाती हैं। इनमें निःशुल्क छात्रावास, भोजन, पुस्तकें, स्टेशनरी एवं लाइब्रेरी सुविधा के साथ प्रति माह 1000 रुपए छात्रवृत्ति शामिल है। अन्य वर्गों के प्रशिक्षणार्थियों को भी शासन के नियमानुसार छात्रवृत्ति सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। प्रवेश संबंधी अधिक जानकारी के लिए प्रवेश प्रभारी नीरज राठौर के मोबाइल नंबर 9926452724 एवं 7722904620 पर संपर्क किया जा सकता है।
रेशम कृमि पालन के इच्छुक किसानों से आवेदन आमंत्रित –
रेशम संचालनालय भोपाल द्वारा शहतूत पौधरोपण एवं रेशम कृमि पालन वाले किसानों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जो किसान अपनी निजी भूमि में 1 एकड़ क्षेत्र में शहतूत पौधरोपण एवं रेशम कृमि पालन कर ककून उत्पादन कराना चाहते हैं वे पोर्टल 0000000 पर ऑनलाईन पंजीयन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए सहायक संचालक रेशम कार्यालय सीहोर एवं रेशम केंद्र मकसपुर, लौदिया, थुना एवं पांगराखाती में संपर्क किया जा सकता है।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026 हेतु आवेदन आमंत्रित-
सीहोर जिले में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार वर्ष 2026 हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार द्वारा यह पुरस्कार उन बच्चों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने खेल, कला एवं संस्कृति, वीरता, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, नवाचार, सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल की हों। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग ने जानकारी देते हुए बताया कि 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के पात्र बच्चे प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार हेतु ऑनलाइन आवेदन एवं नामांकन कर सकते हैं। इच्छुक आवेदक राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर निर्धारित प्रारूप में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेज एवं उपलब्धियों का विवरण संलग्न करना अनिवार्य होगा। इस पुरस्कार का उद्देश्य बच्चों की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना एवं उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करना है। अधिक जानकारी के लिए बाल संरक्षण अधिकारी, महिला एवं बाल विकास कार्यालय जिला सीहोर के कक्ष क्रमांक-146 अथवा व्हाट्सएप नंबर 9425366425 पर संपर्क किया जा सकता है।
वैष्णो देवी की तीर्थ यात्रा के आवेदन की अंतिम तिथि 30 मई –
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत 13 जून से 18 जून 2026 तक सीहोर जिले के 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को वैष्णो देवी की तीर्थ यात्रा कराई जाएगी। वैष्णो देवी की तीर्थ यात्रा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 30 मई 2026 है। आवेदन पत्र विभागीय वेबसाइट पोर्टल के माध्यम से ही दर्ज किए जा सकते हैं। निर्धारित कोटे से अधिक आवेदन प्राप्त होने की स्थिति में पात्र आवेदकों का चयन कम्प्यूटरीकृत लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। योजना के अंतर्गत 65 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे व्यक्ति, जो अकेले यात्रा करने के लिए आवेदन करते हैं, उन्हें एक सहायक साथ ले जाने की पात्रता होगी। इसके अतिरिक्त 3 से 5 व्यक्तियों के समूह जिसमें सभी सदस्य 65 वर्ष से अधिक आयु के हों उन्हें भी एक सहायक ले जाने की अनुमति होगी, जबकि पति-पत्नी के साथ यात्रा करने की स्थिति में सहायक की अनुमति नहीं होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button