
सीहोर। जिस गांव की गलियों, पंचायत भवन और सादगी भरे माहौल ने देश-दुनिया के करोड़ों दर्शकों का दिल जीता, उसी असली फुलेरा यानी जिला मुख्यालय के नजदीकी ग्राम महोडिय़ा में एक बार फिर फिल्मी सितारों का मेला लगा। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर धूम मचाने वाली सुपरहिट वेब सीरीज पंचायत के पांचवें सीजन का ट्रेलर ग्राम महोडिय़ा में ही एक भव्य आयोजन के बीच लॉन्च किया गया। अपने चहेते कलाकारों को फिर से अपने बीच पाकर पूरे गांव में किसी त्योहार जैसा उत्साह देखने को मिला। दर्शकों का इंतजार खत्म करते हुए यह सीरीज आगामी 3 दिसंबर को ओटीटी पर रिलीज होने जा रही है।
ट्रेलर लॉन्च के इस खास मौके पर सीरीज की पूरी स्टार कास्ट ने शिरकत की। कार्यक्रम में सचिव जी यानी मुख्य कलाकार जितेंद्र कुमार के साथ ‘प्रधान जी’ रघुवीर यादव, नीना गुप्ता, प्रहलाद चा, फैजल मलिक और अन्य कलाकार मौजूद रहे। अपने पसंदीदा किरदारों को सामने देख ग्रामीणों और प्रशंसकों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। ग्रामीण जीवन की खट्टी-मीठी नोकझोंक, हास्य और अपनापन दिखाने वाली यह सीरीज हर सीजन के साथ लोकप्रियता के नए रिकॉर्ड बना रही है।
10 सीजन का लक्ष्य
सीरीज के लाइन प्रोड्यूसर जिशान जाफरी के अनुसार पंचायत के अब तक के सभी पांचों सीजन की शूटिंग ग्राम महोडिय़ा में ही पूरी की गई है। उन्होंने कहा कि यहां की मिट्टी, प्राकृतिक खूबसूरती और ग्रामीणों के अपार सहयोग ने इस सीरीज को जीवंत बनाया है। खास बात यह है कि महोडिय़ा गांव को फुलेरा के रूप में मिली ऐतिहासिक पहचान के बाद अब इस सीरीज के कुल 10 सीजन तक की शूटिंग यहीं किए जाने की योजना है।



