
सीहोर। भाई-बहन के पवित्र रिश्ते और अटूट स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व इस वर्ष भी नगर पालिका के तत्वावधान में धूमधाम से मनाया जाएगा। आगामी 31 अगस्त को पुरानी जेल परिसर नगर पालिका के समीप में दोपहर 12.30 बजे से 3.00 बजे तक विशेष रक्षाबंधन समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर शहर भर से आने वाली बहनों से रक्षासूत्र बंधवाएंगे और उन्हें उपहार भेंट करेंगे।
आयोजन की जानकारी देते हुए नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने शहरवासियों को पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि स्नेह, सम्मान और पारिवारिक संस्कारों का प्रतीक है जो समाज में भाईचारे को मजबूत करता है। उन्होंने शहर के सभी वार्डों की बहनों से पुरानी जेल परिसर पहुंचकर इस भव्य आयोजन में शामिल होने और आशीर्वाद देने की अपील की है।
बहनों को मिलेगा विशेष उपहार
हर साल की तरह इस बार भी नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर बहनों को रक्षाबंधन का विशेष उपहार प्रदान करेंगे। आयोजन को भव्य और सुगम बनाने के लिए नगर पालिका अमले द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम में शहर के सभी वार्डों से पार्षदगण, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय बहनें शामिल होंगी। आयोजन को लेकर शहर की महिलाओं और नगरवासियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।