दीपदान के साथ गूंजा नदी संरक्षण का संकल्प, सीवन तट पर सैकड़ों महिलाओं ने ली स्वच्छता की शपथ

सीहोर। कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर आयोजित दीपदान महोत्सव में सीवन नदी का तट आस्था के साथ-साथ पर्यावरण और जल संरक्षण के संकल्प का साक्षी बना। महिला घाट पर दीपदान के लिए पहुंचीं सैकड़ों महिलाओं ने सीवन पुत्री के रूप में एक साथ खड़े होकर नदी को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त रखने की शपथ ली। सभी ने संकल्प लिया कि वे न तो स्वयं नदी में कचरा या पूजन सामग्री डालेंगी और न ही किसी अन्य को ऐसा करने देंगी।
कार्तिक पूर्णिमा पर दीपदान करने आईं महिलाओं को सीवन पुत्र प्रदीप चावड़ा ने नदी संरक्षण की शपथ दिलाई। इस अवसर पर सीवन पुत्री ललिता कुशवाहा ने दीपदान की सही और पर्यावरण-अनुकूल विधि पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अक्सर लोग कागज या केमिकल युक्त बॉक्स के ऊपर आटे के दीये रखकर नदी में प्रवाहित करते हैं, जिससे पानी दूषित होता है और जलीय जीवों के जीवन पर संकट आता है। इसके बजाय सीधे सूखे आटे के दीये बनाकर जलाने और प्रवाहित करने चाहिए, ताकि नदी का जल स्वच्छ रहे और जलीय जीव उन आटे के दीयों को भोजन के रूप में ग्रहण कर सकें।
घाट पर रखे पात्रों में पूजन सामग्री डालने की अपील
दीपदान के दौरान घाट पर व्यवस्था संभाल रहे सीवन पुत्र वैभव राठौर और प्रकाश यादव ने श्रद्धालु महिलाओं को समझाइश दी कि वे किसी भी प्रकार की पूजन सामग्री, फूल-माला या कचरा सीधे नदी में प्रवाहित न करें। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दो दिन पहले ही महिला घाट पर दो बड़े पूजन सामग्री पात्र रखवाए गए हैं, इसलिए सारी सामग्री उन्हीं पात्रों में डालें। साथ हीए देवी-देवताओं की खंडित प्रतिमाओं, तस्वीरों और धार्मिक पुस्तकों को नदी में डालने के बजाय निर्धारित ‘मूर्ति रखो स्थान’ पर सम्मानपूर्वक सुरक्षित रखने की अपील की गई।
सुबह से शाम तक निस्वार्थ सेवा में जुटे रहे सीवन प्रहरी
कार्तिक पूर्णिमा के दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सीवन प्रहरी उदित जादवानी सुबह से लेकर शाम तक घाट पर डटे रहे और मां सीवन की स्वच्छता के लिए निस्वार्थ भाव से अपनी सेवाएं दीं। इस पूरे अभियान में सीवन पुत्र मुकेश कुशवाह, वीरेंद्र सिंह बिसोरिया, सुरेश भगत, मुकेश राय और अशोक नामदेव सहित अन्य साथियों ने भी सक्रिय रूप से सीवन सेवा और जागरूकता अभियान में योगदान दिया।

Exit mobile version