Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

कुबेरेश्वरधाम पर सोमवार को होगा भव्य श्री हरि-हर मिलन महोत्सव

पालकी में विराजेंगे भगवान, शाम 5 बजे निकलेगा सादगी के साथ चल समारोह, हरि और हर के मिलन का साक्षी बनेगा कुबेरेश्वरधाम

सीहोर। कुबेरेश्वरधाम पर कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी के पावन अवसर पर सोमवार को भव्य श्री हरि-हर मिलन महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के सानिध्य एवं मार्गदर्शन में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह धार्मिक महोत्सव इस वर्ष भी श्रद्धा, भक्ति और दिव्यता के साथ मनाया जाएगा। आयोजन के अंतर्गत सोमवार शाम 5 बजे भगवान को आकर्षक पालकी में विराजमान कर मंदिर परिसर में सादगी और पारंपरिक चल समारोह निकाला जाएगा।
इस दौरान श्रद्धालु शामिल होकर हरि-हर मिलन के साक्षी बनेंगे। अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने बताया कि हरि-हर मिलन की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का विशेष महत्व है। भगवान विष्णु को हरि और भगवान शिव को हर कहा जाता है। दोनों देवताओं के मिलन का यह पर्व सनातन संस्कृति में आपसी एकता, श्रद्धा और समर्पण का संदेश देता है। कुबेरेश्वरधाम पर प्रतिवर्ष इस अवसर पर दिव्य आयोजन किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।

धाम पर की विशेष व्यवस्थाएं
महोत्सव में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए विठलेश सेवा समिति एवं प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए यातायात व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती और पार्किंग सहित अन्य आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। वहीं धाम पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क भोजन प्रसादी एवं भंडारे की व्यवस्था भी की गई है। विठलेश सेवा समिति की ओर से पंडित समीर शुक्ला, पंडित विनय मिश्रा सहित अन्य सेवादारों द्वारा भोजन प्रसादी की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। महोत्सव में शामिल होने वाले श्रद्धालु रात्रि में भजन-कीर्तन एवं भगवान के स्मरण के साथ धर्ममय वातावरण में समय व्यतीत करेंगे। कुबेरेश्वरधाम पर आयोजित होने वाला श्री हरि-हर मिलन महोत्सव भगवान शिव और भगवान विष्णु के प्रति श्रद्धा के साथ ही सनातन धर्म की समन्वयकारी परंपरा का संदेश देता है। आयोजन को लेकर समिति एवं सेवादारों द्वारा तैयारियां की जा रही हैं।
शिव से विष्णु को पुन: सौंपा जाता है सृष्टि संचालन
विठलेश सेवा समिति के मनोज दीक्षित ने बताया कि कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी को बैकुंठ चतुर्दशी के रूप में भी मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार चातुर्मास के दौरान भगवान विष्णु देवशयनी एकादशी से देवउठनी एकादशी तक योगनिद्रा में रहते हैं। इस अवधि में वे सृष्टि के संचालन का दायित्व भगवान शिव को सौंप देते हैं। इसके बाद बैकुंठ चतुर्दशी पर भगवान शिव पुन: सृष्टि के संचालन का दायित्व भगवान विष्णु को सौंपते हैं। इसी परंपरा को हरि-हर मिलन के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि इस दिन भगवान शिव और भगवान विष्णु की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस अवसर पर रात्रि जागरण, भजन-कीर्तन और महापूजा का विशेष महत्व है। भगवान विष्णु का निवास बैकुंठ लोक में माना जाता है, इसलिए इस तिथि को बैकुंठ चतुर्दशी कहा जाता है। यह पर्व शैव और वैष्णव परंपराओं के बीच पारस्परिक एकता और समन्वय का प्रतीक भी माना जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button