Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

आधी रात आई आंधी से जनजीवन अस्त-व्यस्त, ‘पंचायत’ सीरीज का सेट उड़ा, घंटों गुल रही बिजली

सीहोर। जिले में मौसम के बदले मिजाज ने भारी तबाही मचाई है। गुरुवार की रात करीब 11.30 बजे अचानक आए तेज अंधड़ और बारिश ने पूरे शहर को अंधेरे में डुबो दिया। हवा की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई घंटों तक बिजली आपूर्ति ठप रही, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग ने जिलेवासियों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है। आज भी जिले के विभिन्न हिस्सों में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें।
पंचायत-5 की शूटिंग रुकी, टेंट और सामान उड़ा
आंधी का सबसे ज्यादा असर महोडिया गांव में दिख रहा है, जहां मशहूर वेब सीरीज पंचायत सीजन-5 की शूटिंग चल रही थी। यूनिट के लाइन प्रोड्यूसर जीशान जाफरी ने बताया कि तेज हवाओं के कारण शूटिंग के लिए लगाए गए टेंट और अन्य जरूरी सामान उड़ गए। क्रू मेंबर्स के लिए बना भोजन भी बारिश और धूल की भेंट चढ़ गया। इस प्राकृतिक आपदा में टीम का कोई भी सदस्य घायल नहीं हुआ है, हालांकि शूटिंग को फिलहाल रोकना पड़ा है। बता दें महोडिय़ा में 16 मार्च से 9 अप्रैल तक शूटिंग का शेड्यूल तय है, जिसमें करीब 200 लोग शामिल हैं। अचानक आई आंधी से व्यवस्थाएं बिगड़ गईं।
क्यों बदल रहा है मौसम
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार वर्तमान में प्रदेश में एक सिस्टम सक्रिय है। इसके साथ ही 7 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग ने 10 अप्रैल तक आंधी और बारिश की संभावना जताई है। 10 अप्रैल के बाद सिस्टम के आगे बढऩे की संभावना है, जिसके बाद गर्मी का दौर शुरू होगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अप्रैल के आखिरी हफ्ते में गर्मी अपने तीखे तेवर दिखाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button