
सीहोर। जिले के बुधनी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कोसमी में आदिवासी परिवारों के घर ढहाए जाने और फेसलें नष्ट किए जाने का मामला अब बड़े राजनीतिक तूफान में बदल गया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने केंद्रीय कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर सीधा हमला बोला है। कांग्रेस नेता गुजराती ने कहा कि अब केवल धरने पर बैठने, मीडिया बाइट देने या नौटंकी करने से काम नहीं चलेगा। शिवराज सिंह चौहान को इस पूरे घटनाक्रम की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि उन जमीनों पर यदि गरीब आदिवासी परिवार खेती करते थे तो भाजपा के ही शासन में ये जमीन वन विभाग द्वारा लीज पर वन विकास निगम को दी गई थीं। अब नियमों के तहत वन विकास निगम कार्यवाही को वैधानिक बताया है। जिसके चलते गरीब आदिवासी परिवारों पर यह जुल्म ढहाया गया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती का कहना है कि जब यह आदिवासी परिवार पहले से ही इस जमीन पर खेती कर अपने परिवार का भरण पोषण कर रहे थे तो फिर इस जमीन को वन विकास निगम को देने की जरुरत क्या पड़ी थी। ये तो कुछ ऐसा हुआ कि बैट्समैन भी आप बॉलर भी आप ख़ुद दोडक़र कीपिंग कर लो और अंपायर भी आप। गुजराती ने आरोप लगाया कि पंचायत से लेकर केंद्र तक भाजपा की सरकार है जो भी कार्यवाही उक्त जमीन को लेकर हुई है चाहे वो वन विभाग से वन विकास निगम को देनेवाली हुई हो या अतिक्रमण हटाने की हुई हो वो आपके ही भाजपा शासन में हुई है तो सांसद विधायक होने के नाते आपको जिम्मेदारी लेनी चाहिए ना की झूठ की राजनीति करनी चाहिए।
18 साल मुख्यमंत्री रहे, पर बुधनी लगातार झेल रहा दंश
राजीव गुजराती ने कहा शिवराज जी कहते हैं कि मोहन यादव आदिवासियों के वोटों से मुख्यमंत्री बने हैं तो वे यह क्यों भूल जाते हैं कि खुद वे भी 18 साल तक इन्हीं आदिवासियों के वोटों से मुख्यमंत्री रहे हैं और आज उन्हीं के वोटों से केंद्रीय मंत्री बने बैठे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बुधनी विधानसभा क्षेत्र लगातार शिवराज सिंह चौहान की नाकामियों का दंश झेल रहा है। चाहे रेलवे लाइन निर्माण में किसानों की खड़ी फसलें रौंदने और मुआवजे में गड़बड़ी का मामला हो, सालों से बदहाल पड़ा बुधनी-गोपालपुर मार्ग हो, नगर पंचायतों में मचा भ्रष्टाचार हो, नर्मदा का अवैध खनन हो या फिर जंगलों में धड़ल्ले से लकड़ी की चोरी हो, शिवराज सिंह चौहान एक जनप्रतिनिधि के रूप में हर मोर्चे पर पूरी तरह नाकाम साबित हुए हैं।
हिम्मत है तो अफसरों के खिलाफ जारी करें सीडी
राजीव गुजराती ने तंज कसते हुए कहा कि शाहगंज थाने में कानून का कोई राज नहीं बचा है। उन्होंने कहा आपके पीछे खड़े पीडि़त बेबसी में रो-रोकर बदहाल हैं और आप मीडिया बाइट देने में मस्त हैं। यह कैसी संवेदना है, यह तो सिर्फ मुख्यमंत्री मोहन यादव को घेरने के लिए किया जा रहा एक राजनीतिक स्टंट है। उन्होंने शिवराज सिंह चौहान को चुनौती देते हुए कहा कि दिशा की बैठक में उन्होंने जिन भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ सीडी जारी करने की बात कही थी, उसे तुरंत जारी करेंए अगर समय रहते वे वह सीडी जारी कर देते तो आज कोसमी के इन गरीब आदिवासियों को ऐसा दुखद दिन नहीं देखना पड़ता।
खून के आंसू रो रहे हैं आदिवासी, खुले आसमान के नीचे गुजरी रात
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि कोसमी गांव में जिन गरीब बारेला समाज के परिवारों के घर तोड़े गए हैं, वे इस वक्त खून के आंसू रोने को मजबूर हैं। रविवार और सोमवार की पूरी रात इन मासूम बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं ने कड़ाके की ठंड के बीच खुले आसमान के नीचे बिताई है। उनके पास न खाने को दाना बचा है और न सिर पर छत। राजीव गुजराती ने स्पष्ट किया कि भाजपा नेताओं की अंदरूनी खींचतान और आपसी गुटबाजी में कांग्रेस पार्टी गरीब आदिवासियों और आम जनता को घुन की तरह पिसने नहीं देगी।