नवमी पर मौसम का अनोखा मिजाज, देवी मंदिरों में गूंजे हवन के मंत्र तो आसमान से बरस पड़ी राहत की फुहारें

सीहोर। एक तरफ शहर के सभी देवी मंदिरों में महाष्टमी और नवमी के पावन अवसर पर हवन-पूजन और मंत्रोच्चार की गूंज चल रही थी तो दूसरी तरफ आसमान ने भी माता के स्वागत में कुछ ऐसा ही अनोखा रंग दिखाया। सीहोर नगर और आसपास के इलाकों में सोमवार दोपहर अचानक मौसम ने ऐसी करवट ली कि उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों के चेहरे खिल उठे।
बता दें सोमवार को दोपहर करीब 3 बजे तक लोग तेज गर्मी और भारी उमस से खासे परेशान थे। आसमान साफ था और सूरज अपनी गर्मी दिखा रहा था, लेकिन ठीक 3.10 बजे अचानक मौसम ने यू-टर्न लिया। तेज ठंडी हवाओं के झोंके के साथ काले-घने बादल आसमान पर छा गए और देखते ही देखते झमाझम बारिश शुरू हो गई। कुछ ही देर में हुई तेज बारिश से शहर की सडक़ों पर पानी बह निकला और पूरे शहर में सुहावना मौसम हो गया।
लगातार तीन दिनों से बरस रहा है पानी
मौसम विभाग और स्थानीय आंकड़ों के मुताबिक जिले में पिछले तीन दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है और लगातार बारिश दर्ज की जा रही है। रविवार को भी सीहोर नगर में रुक रुक कर हल्की फुहारें गिरती रही थीं। इससे पहले जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी तेज बारिश का दौर देखा गया था। अचानक हुई इस बारिश ने लोगों को पिछले कई दिनों से सता रही उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत दी है।
तापमान में गिरावट, किसानों में खुशी
अचानक हुई इस बारिश से तापमान में भारी कमी आई है, जिससे मौसम काफी ठंडा और खुशनुमा हो गया है। इस अप्रत्याशित बारिश से आम नागरिकों के साथ-साथ किसानों के चेहरे पर भी खुशी साफ झलक रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मौसम के इस बदलाव के चलते सीहोर के तापमान में और भी गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे आने वाले दिनों में ठंडक का अहसास और बढ़ेगा।

Exit mobile version