बुधनी-रेहटी में अवैध उत्खनन पर कार्रवाई, खनिज, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने रेत से भरे 2 डंपर किए जब्त

सीहोर। नर्मदा तट और उसके आस-पास के क्षेत्रों में अवैध उत्खनन और खनिजों के अवैध परिवहन में लिप्त माफियाओं के खिलाफ जिला प्रशासन ने अपना शिकंजा और कस दिया है। कलेक्टर बालागुरू के. के सख्त निर्देशों के बाद खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग के संयुक्त जांच दल ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। रविवार 14 जून को बुधनी और रेहटी क्षेत्र के अंतर्गत रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन में शामिल दो डंपरों पकडक़र जब्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार जिले की बुधनीए रेहटी और इछावर तहसील के अंतर्गत लगातार मिल रही अवैध खनिज गतिविधियों और ओवरलोडिंग की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन द्वारा यह विशेष संयुक्त अभियान शुरू किया गया है। रविवार को खनिज विभाग के अधिकारियों, राजस्व अमले और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने तीनों ही तहसीलों के विभिन्न संवेदनशील ग्रामीण मार्गों, नर्मदा तटीय इलाकों और मुख्य चौराहों पर अचानक नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान रेत और अन्य खनिजों से भरे वाहनों के दस्तावेजों और रॉयल्टी पर्चियों की बारीकी से जांच की गई।
रेहटी में रेत से भरे दो डंपर धराए, थाने के सुपुर्द
चेकिंग अभियान के दौरान संयुक्त जांच दल ने जब रेहटी क्षेत्र में दबिश दी तो वहां रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन में पूरी तरह संलिप्त पाए गए 02 डंपर वाहन अधिकारियों के हत्थे चढ़ गए। जब वाहन चालकों से रेत के उत्खनन और परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे मौके पर कोई भी वैध कागजात या रॉयल्टी पर्ची पेश नहीं कर सके, जिस पर अधिकारियों ने दोनों डंपरों को तुरंत जब्त करने की कार्रवाई की। इसके बाद दोनों ही वाहनों को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए रेहटी थाना पुलिस की अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया गया है।
दर्ज हुआ केस, वसूला जाएगा भारी जुर्माना
बुधनी-रेहटी क्षेत्र में जब्त किए गए इन दोनों डंपर वाहनों के मालिकों के खिलाफ मध्य प्रदेश खनिज नियमों एवं अन्य संबंधित वैधानिक प्रावधानों के अंतर्गत कड़ा प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया गया है। आगामी प्रक्रिया के तहत इन वाहनों पर नियमों का उल्लंघन करने और अवैध रूप से प्राकृतिक संपदा की चोरी करने के आरोप में भारी-भरकम जुर्माना राशि वसूल की जाएगी।



