
सीहोर। जिले के शासकीय महाविद्यालय रेहटी में कारनामों की फेहरिस्त में एक ओर कारनामा जुड़ गया। अब तक अतिथि विद्वानों एवं प्रोफेसरों को चेतावनी पत्र, नोटिस देने वाले प्राचार्य मनोज राठौर ने अब विद्यार्थियों को ही कार्रवाई की चेतावनी दे डाली। कार्रवाई से आहत विद्यार्थियों में अब भविष्य को लेकर चिंता हो रही है। इधर महाविद्यालय में चल रही एमएससी एवं एमए सेकेंड सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान परीक्षा कक्ष में सहायक ग्रेड-3 सुजीत राठौर एवं आउटसोर्स कर्मचारी धनराज पैठारी ने प्रवेश कर लिया। इस स्थिति से परीक्षा दे रहे छात्र-छात्राएं असहज हो गए। बताया जा रहा है कि सहायक ग्रेड-3 सुजीत राठौर एवं धनराज पैठारी द्वारा परीक्षा कक्ष में विद्यार्थियों की कॉपियां भी चैक की गईं, जिससे वे मानसिक रूप से भी परेशान रहे। छात्र-छात्राओं ने इस संबंध में प्राचार्य को शिकायती आवेदन भी दिया है। इस शिकायती आवेदन को लेकर प्राचार्य मनोज राठौर ने कार्रवाई की चेतावनी दी हैै।
शासकीय महाविद्यालय रेहटी इस समय चर्चाओं में है। दरअसल यह चर्चाएं इसलिए हो रही हैं, क्योंकि पहले तो प्राचार्य मनोज राठौर द्वारा महिला उत्पीड़न के मामले में सहायक ग्रेड-3 सुजीत राठौर पर कार्रवाई करने के बजाए महिला अतिथि विद्वानों को ही चेतावनी पत्र थमा दिए गए। इसके बाद महिला अतिथि विद्वानों के साथ मोर्चा संभाल रहे अतिथि विद्वान डॉ मनमोहन द्विवेदी को कॉलेज से फॉलेन आउट कर दिया। प्राचार्य मनोज राठौर यहीं नहीं रूके, उन्होंने महाविद्यालय के प्रोफेसर मनोज वर्मा को भी नोटिस थमा दिया और अब विद्यार्थियों को भी कार्रवाई की चेतावनी दे डाली। कार्रवाई एवं भविष्य खराब होने के डर से विद्यार्थियों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि प्राचार्य मनोज राठौर द्वारा उन्हें कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
नियमों को ठेंगा, मनमर्जी से संचालित हो रहा महाविद्यालय-
रेहटी स्थित शासकीय महाविद्यालय में रेहटी तहसील के अलावा बुधनी एवं भैरूंदा तहसील से भी विद्यार्थी अध्ययन के लिए आते हैं। पहले महाविद्यालय में पढ़ाई का बेहतर माहौल था, लेकिन अब महाविद्यालय नियमों को ठेंगा दिखाकर मनमर्जी से संचालित हो रहा है। बताया जा रहा है कि प्राचार्य मनोज राठौर द्वारा कई कक्षाओं में परिवर्तन कर दिया गया है। कक्षाओं के कमरे बदल दिए गए हैं। सूत्रों की मानें तो महिला अतिथि विद्वानों, प्रोफेसरों के कक्षों के सामने सीसीटीव्ही कैमरे लगवा दिए हैं, जिससे वे भी असहज महसूस कर रही हैं। इसके अलावा महाविद्यालय में विभिन्न गतिविधियों से संबंधित भी कई परिवर्तन किए गए हैं। महाविद्यालय में पूरी तरह से बाबूराज है।
प्राचार्य से नहीं हो सकी चर्चा-
इस संबंध में चर्चा करने के लिए प्राचार्य मनोज राठौर को उनके मोबाइल नंबर 9755111157 पर कई बार फोन किया गया, लेकिन पूरे समय उनका मोबाइल व्यस्त बताता रहा। उनसे व्हाटसअप पर भी फोन करके संपर्क करने की कोशिश की गई। पूरे समय घंटी बजती रही, लेकिन उन्होंने कोई जबाव नहीं दिया।
इनका कहना है-
महाविद्यालय में परीक्षा के दौरान कॉलेज का स्टॉफ ही एग्जाम कक्ष में आया था। विद्यार्थियों ने शिकायती आवेदन दिया है। चूंकि एक दिन का प्रभार मेरे पास था, इसलिए आवेदन ले लिया है, लेकिन इस पर जो भी कार्रवाई करना है वे प्राचार्य ही करेंगे।
– सोनम राय, प्रभारी प्राचार्य, शासकीय महाविद्यालय रेहटी