सीहोर में भाजपा मंडलों की हुई कार्यसमिति बैठक, प्रधानमंत्री के जन्मदिन को लेकर होंगे कार्यक्रम
- 25 मंडलों में एक साथ होनी थी बैठक, अब बुधनी विधानसभा के कुछ मंडलों में गुरूवार को होगी कार्यसमिति बैठक
Sumit Sharma
सीहोर। भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय संगठन द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक के 25 वर्षों के सेवाकाल को लेकर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसको लेकर पिछले दिनों भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की ओरछा में हुई बैठक में भी रणनीति बनी थी। इसके बाद पिछले दिनों सीहोर में हुई जिला कार्यसमिति की बैठक एवं कार्यशाला में भी आयोजनों को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अब सीहोर जिले के मंडलों में भी एक साथ मंडल कार्यसमिति की बैठकें एवं कार्यशाला हुईं। सीहोर के सभी 25 मंडलों में बैठकें एक साथ होनी थीं, लेकिन बुधनी विधानसभा के कुछ मंडलों में बैठक गुरूवार को होगी। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ’सेवा संकल्प अभियान’ सीहोर जिले के मंडलों में हुई बैठक को लेकर प्रभारी नियुक्त किए गए थे। बैठकों में सांसद, विधायक सहित वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए। सीहोर विधानसभा के सीहोर नगर मंडल क्रमांक-1 एवं सीहोर नगर मंडल क्रमांक-2 की मंडल कार्यसमिति एवं मंडल कार्यशाला की बैठक के लिए विकास विरानी को प्रभारी बनाया गया था। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद आलोक शर्मा भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की भावना सर्वाेपरि रही है। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में हुए ऐतिहासिक कार्यों और जनकल्याणकारी बदलावों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इस दौरान सांसद आलोक शर्मा ने आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी। प्रधानमंत्री के कार्यकाल में देश विश्व गुरू बनने की ओर अग्रसर- भाजपा के वरिष्ठ नेता, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य एवं सीहोर जिला पंचायत व सीहोर नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा ने इछावर विधानसभा के गुड़भेला मंडल की कार्यसमिति बैठक को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री के कार्यकाल को भारतीय जनता पार्टी द्वारा सेवा संकल्प अभियान के रूप में मनाया जा रहा है। इसको लेकर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह लगातार विभिन्न सेवा के कार्य किए जाएंगे। प्रधानमंत्री के इन 25 वर्षों के सेवाकाल को सभी सेवा संकल्प अभियान के रूप में मनाएं। इसके लिए जुटकर सेवाकार्य करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जहां गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए गुजरात को विकसित एवं विकासशील राज्य मनाया तो वहीं उन्होंने प्रधानमंत्री रहते हुए देश को नई दिशा दी एवं दुनिया की टॉप तीन शक्तियों में शामिल कराया है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के कार्यकाल में देश विश्व गुरू बनने की ओर अग्रसर है। इससे पहले गुड़भेला मंडल के ग्राम लसुड़िया खास पहुंचे श्री अरोरा का भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं ने स्वागत, सत्कार किया। इसके बाद यहां पर मंडल की कार्यसमिति बैठक शुरू हुई। सेवाकार्य करने का सुनहरा अवसर है ’सेवा संकल्प अभियान’ – भाजपा सलकनपुर मंडल की बैठक भाजपा कार्यालय रेहटी में हुई। मंडल अध्यक्ष बनवीर सिंह चंद्रवंशी ने बैठक की रूपरेखा प्रस्तुत की। बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में भैरूंदा नगर पालिका के अध्यक्ष मारूति शिशिर उपस्थित रहे। उन्होंने बैठक में उपस्थित मंडल के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल उपलब्धि भरे रहे हैं। उन्होंने गुजरात में मुख्यमंत्री रहते हुए जहां गुजरात राज्य को नई दिशा दी तो वहीं वर्ष 2014 के बाद से देश को दुनिया के नक्शे पर पहचान मिली है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की आन, बान और शान बढ़ी है। आज हिन्दुस्तान महाशक्ति के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल को लेकर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न गतिविधियां एवं सेवाकार्य किए जाएंगे। हम सबके लिए भी सेवाकार्य करने का सबसे बेहतर अवसर रहेगा, इसलिए सभी पूरी ईमानदारी के साथ सेवा कार्यों में जुटें। बैठकों में जिलाध्यक्ष नरेश मेवाडा, सीहोर जिला प्रभारी विकास वीरानी, सीहोर विधायक सुदेश राय, नगर मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति, सुशील ताम्रकार, जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र राजपूत, जिला मीडिया प्रभारी प्रितेश राठौर आदि मंचासीन रहे। इसके अतिरिक्त बैठक में जिला पदाधिकारी, मंडल के पदाधिकारी एवं मंडल की कार्यकारिणी सहित पार्षदगण उपस्थित रहे। सेवा संकल्प अभियान के लिए मंडलों में इन्हें बनाया प्रभारी –
सीहोर जिले के मंडलों में भाजपा कार्यसमिति की बैठक एवं सेवा संकल्प अभियान के लिए प्रभारी बनाए गए हैं। इसी कड़ी में बुधनी विधानसभा के गोपालपुर और भैरूंदा मंडल में रवि मालवीय, लाड़कुई, चकल्दी मंडल में रघुनाथ सिंह भाटी, सलकनपुर मंडल में लखन यादव, बुधनी और शाहगंज मंडल में जितेंद्र गौड़ को प्रभारी बनाया गया है। इसी तरह इछावर विधानसभा के बिलकिसगंज और बरखेड़ी मंडल में विष्णु वर्मा, इछावर, दिवड़िया मंडल में भूपेंद्र सिसोदिया, गुड़भेला मंडल में जसपाल सिंह अरोरा को प्रभारी बनाया गया है। आष्टा विधानसभा के आष्टा, कोठरी मंडल में नरेश मेवाड़ा, खाचरोद व सिद्धिगंज मंडल में धारा सिंह पटेल, आष्टा ग्रामीण में कल्याण सिंह, डोडी व जावर मंडल में भूपेंद्र पाटीदार, मैना मंडल में बाबूलाल पटेल, सीहोर विधानसभा के नगर- 1 व नगर-2 में विकास वीरानी, अहमदपुर मंडल में सन्नी महाजन, दोराहा मंडल में गिरीश सोलंकी और श्यामपुर मंडल में प्रिंस राठौर को प्रभारी बनाया गया है। ये कार्यक्रम होंगे आयोजित- आशीर्वाद का दीया: हर एक बूथ पर प्रत्येक परिवार दीप प्रज्जवन कर इस संकल्प का सहभागी बनेगा। सेवा चित्र: राष्ट्रव्यापी ड्राईंग एवं भाषण प्रतियोगिता होगी। सेवा स्मरण: संगीतमय नाट्य प्रस्तुतियां होंगी। आंगन का मिलन: बच्चों, माताओं से जुड़ी मोदी सरकार की पोषण, स्वास्थ्य, एवं महिला संबंधी योजनाओं की जानकारी। कहानी बदलाव की: सरकार की योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलाव की जानकारी। सेवा ज्योति यात्रा: गांव, जिला एवं प्रदेश स्तर की जनभागीदारी यात्रा। वड़नगर से वाराणसी: जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा। सेवा मेरा योगदान: अभियान का परिचय, व्यापक जनभागीदारी, डिजिटल प्रक्रिया एवं प्रसार आदि। सेवा सेतु अभियान: सरकार आपके द्वार… नागरिक से लाभार्थी तक एक ही स्थान पर। सेवा के रंग: घर-घर से राष्ट्र तक… आभार और संकल्प की रंगोली। हैकाथॉन और इनोवेशन चैलेंज: यह आयोजन मध्यप्रदेश में प्रस्तावित नहीं है। महाराष्ट्र, दिल्ली, गुजरात, कोलकाता और बेंगलुरू में होंगे। जनसेवक महाकुंभ पंचायत से पार्लियामेंट: सभी जनप्रतिनिधि विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। 25 साल, 25 कहानियां