सीहोर में ब्लैक फ्राइडे: नमकीन फैक्ट्री में आग, युवक को बाईक ने रौंदा, सामने आई तालीबानी पिटाई
- सीहोर में तीन अलग-अलग घटनाओं से दहले दिल, हुई आर्थिक हानि

सीहोर। जिलेवासियों के लिए शुक्रवार का दिन बेहद निराशा भरा रहा। दरअसल यह दिन ’ब्लैक फ्राइडे’ के रूप में सामने आया। शुक्रवार को पहली घटना इछावर के समीप नमकीन-मसाला फैक्ट्री में घटी। यहां पर भीषण आग लगने से फैक्ट्री में लगी मशीनें जल गईं तो वहीं अन्य सामान भी पूरी तरह से खाक हो गया, जिससे लाखों रूपए का नुकसान हुआ है। एक अन्य घटना इछावर थाना क्षेत्र मेें हुई। यहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। इस हादसे में 21 साल के युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक फरार हो गया। इधर सीहोर जिला मुख्यालय के पास इछावर मार्ग पर कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाली घटना सामने आई। इछावर के भाऊंखेड़ी जोड़ के पास बीच हाइवे पर एक व्यक्ति द्वारा एक युवक की तालीबानी पिटाई का मामला सामने आया। पिटाई का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। पुलिस ने मामलों में अपने स्तर से जांच शुरू कर दी है।
नमकीन फैक्ट्री में आग, लाखों का नुकसान-
सीहोर जिले के इछावर में शुक्रवार को गोधन दलिया, मसाला उद्योग और विनायक नमकीन फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्ट्री में रखा नमकीन, मिर्च-मसाले, पैकेजिंग सामग्री और मशीनें जलकर खाक हो गईं। बताया जा रहा है कि यह फैक्ट्री हरी गुप्ता की थी। आग लगने की वजह शार्टसर्किट बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शुक्रवार सुबह कोर्ट रोड से गुजर रहे लोगों ने फैक्ट्री से धुआं और आग की लपटें निकलती देखीं। इसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और ताला तोड़कर आग बुझाने की कोशिश शुरू की। स्थानीय लोगों ने इछावर फायर ब्रिगेड को आग की सूचना दी। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के करीब 2 घंटे बाद भी दमकल की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची। लोगों के मुताबिक, समय पर दमकल पहुंच जाती तो आग को शुरुआती स्तर पर ही काबू किया जा सकता था। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक फैक्ट्री में रखा काफी सामान जल चुका था। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
वाहन की टक्कर से युवक की मौत-
सीहोर जिले के इछावर थाना क्षेत्र के ग्राम रूपड़ी निवासी रामनारायण आयु 21 अपनी बाइक से घर लौट रहा था, तभी रास्ते में एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि रामनारायण ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। राहगीरों की सूचना पर इछावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया और मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अब आसपास के लोगों से पूछताछ और रास्ते के सीसीटीवी फुटेज के जरिए टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की पहचान करने में लगी है। समाचार लिखे जाने तक वाहन का पता नहीं लग सका था। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
मुख्य सड़क पर युवक की पिटाई, वीडियो वायरल-

सीहोर जिला मुख्यालय के पास इछावर मार्ग पर दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। इछावर के भाऊखेड़ी जोड़ के पास बीच सड़क पर एक व्यक्ति द्वारा एक युवक की लाठी-छड़ी से बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि एक व्यक्ति बेखौफ होकर बीच सड़क पर दूसरे व्यक्ति की बेरहमी से पिटाई लगा रहा है। इस दौरान कई वाहन भी वहां से गुजरे, लेकिन मदद के लिए कोई भी आगे नहीं आया। फिलहाल यह वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। थाना इछावर क्षेत्र में हुई घटनाओं को लेकर इछावर थाना प्रभारी रामबाबू राठौर का कहना है कि मामले सामने आए हैं। पिटाई को लेकर वीडियो सामने आया है, लेकिन अब तक इस संबंध में कोई शिकायत नहीं आई है। हालांकि वीडियो सामने आने के बाद उसकी जांच शुरू कर दी है। इसी तरह युवक को अज्ञात वाहन द्वारा टक्कर मारी गई है, जिससे युवक की मौत हो गई है। वाहन का पता लगाया जा रहा है। मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।



