Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

बुधनी ट्रिपल मर्डर: वारदात बुधनी में, पर सीहोर में होगा खुलासा, आज शाम 4 बजे एसपी ऑफिस में होगी प्रेस कॉन्फ्रेंस

सीहोर। बुधनी नगर के वार्ड क्रमांक-12 में हुए दिल दहला देने वाले तिहरे हत्याकांड की गुत्थी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। जूते-चप्पल व्यापारी राकेश मीणा, उनकी पत्नी राधा और बेटे अश्विन की नृशंस हत्या के पीछे किसका हाथ था और वारदात को क्यों अंजाम दिया गया, इसका आधिकारिक पर्दाफाश आज शाम 4 बजे सीहोर स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागृह में किया जाएगा।
गौरतलब है कि यह सनसनीखेज वारदात बुधनी में हुई थी, लेकिन मामले का खुलासा जिला मुख्यालय सीहोर में किया जा रहा है। इसके लिए पुलिस विभाग की ओर से मीडिया प्रतिनिधियों को आवश्यक सूचना जारी कर आमंत्रित किया गया है, जहां वरिष्ठ पुलिस अधिकारी आरोपियों की गिरफ्तारी और हत्या के कारणों से जुड़े अहम तथ्यों को सार्वजनिक करेंगे।
खून से लथपथ मिले थे तीन शव
बुधवार सुबह बुधनी के वार्ड क्रमांक-12 स्थित एक घर में उस वक्त हडक़ंप मच गया, जब व्यापारी राकेश मीणा, उनकी पत्नी राधा मीणा और बेटे अश्विन मीणा के खून से लथपथ शव कमरे के भीतर पड़े मिले। दरअसल मृतक परिवार ने घर में 7-8 बकरा-बकरियां पाल रखे थे। बुधवार सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा न खुलने और भूख-प्यास से व्याकुल मवेशियों के जोर-जोर से चिल्लाने पर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। जब लोगों ने अंदर झांककर देखा तो पूरे परिवार की लाशें देख उनके होश उड़ गए।
क्रूरता से की गई थी तीनों की हत्या
हमलावरों ने बेरहमी के साथ तीनों के सिर पर भारी और धारदार हथियार से वार कर उन्हें मौत के घाट उतारा था। वारदात की सूचना मिलते ही एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे, एसडीओपी रवि शर्मा और थाना प्रभारी सुनील ठाकुर पुलिस बल, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड के साथ घटनास्थल पर पहुंचे थे।

सीडीआर से मिला सुराग
प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को घर की अलमारी या किसी भी कीमती सामान से छेड़छाड़ के निशान नहीं मिले थे, जिससे लूटपाट की आशंका पहले ही खारिज हो गई थी। हालांकिए मृतक का मोबाइल फोन बाथरूम में पड़ा मिला था। दस्तावेजों और एसआईआर रिपोर्ट की जांच करने पर पुलिस को पता चला कि मृतक परिवार मूल रूप से राजगढ़ जिले के जीरापुर का रहने वाला था। इसके बाद पुलिस टीमों ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और जीरापुर कनेक्शन के आधार पर जांच की दिशा आगे बढ़ाई, जिसके नतीजे में अब सीहोर पुलिस इस जघन्य हत्याकांड का पर्दाफाश करने जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button