
सीहोर। एक तरफ जहां सीहोर पुलिस सडक़ों पर उतरकर हादसों को रोकने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चला रही थी और चालान काट रही थी, वहीं दूसरी तरफ जिले के बुधनी में एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने एक व्यक्ति की जिंदगी छीन ली। यह हादसा 5 अगस्त की रात एनएच-46 पर घटित हुआ।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना 5 अगस्त की रात करीब 8.30 बजे की है। बुधनी स्थित भारत पेट्रोलियम पंप के सामने एनएच-46 पर एक आयशर ट्रक के चालक ने लापरवाही और अत्यधिक तेज गति से वाहन चलाते हुए सामने से आ रही कमलेश यादव की मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कमलेश यादव गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही बुधनी पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त आयशर ट्रक को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया गया है।
314 वाहनों से वसूला डेढ़ लाख का जुर्माना
बुधनी में हुए इस दर्दनाक हादसे के वक्त ही जिले में पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान जारी था। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे के मार्गदर्शन में 10 दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। 5 अगस्त को जिले भर में चलाए गए इस अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 314 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की गई और उनसे 1 लाख 57 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे ने खुद सेकड़ाखेड़ी जोड़ पर पहुंचकर कार्रवाई का निरीक्षण भी किया था।