Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

युवाओं, किसानों और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस का हल्लाबोल, मुख्यमंत्री जवाब दें या पद छोड़ें: गुजराती

सीहोर। मध्य प्रदेश में युवाओं के भविष्य से खिलवाड़, किसानों के खाद बिजली संकट, उज्जैन भूमि प्रकरण और लगातार बढ़ते भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस ने अब आर पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजीव गुजराती ने बयान जारी करते हुए कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। जनता के अधिकारों की रक्षा और सरकार की जवाबदेही तय करने के लिए कांग्रेस पूरे प्रदेश में चरणबद्ध जनआंदोलन शुरू करने जा रही है। उन्होंने दो टूक कहा कि मुख्यमंत्री इन गंभीर घोटालों और अव्यवस्थाओं पर जनता को जवाब दें या फिर अपने पद से इस्तीफा दें।
जिला अध्यक्ष राजीव गुजराती ने बताया कि इस आंदोलन के तहत प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में आगामी 15 जुलाई को सीहोर सहित पूरे जिले से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भोपाल कूच करेंगे और मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे।
छात्रों की गूंज अभियान से उठेगी युवाओं की आवाज
राजीव गुजराती ने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में लाखों युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेला जा रहा है। नीट और सीबीएसई परीक्षाओं से जुड़े विवादों ने छात्रों को मानसिक रूप से तोड़ दिया है। प्रभावित छात्रों ने न्याय की गुहार लगाई, लेकिन सरकार से कोई राहत नहीं मिली। इस अन्याय के खिलाफ लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्तर पर आवाज उठाई है। अब प्रदेश कांग्रेस छात्रों की गूंज अभियान के माध्यम से गांव-गांव और शहर-शहर जाकर छात्रों की आवाज बुलंद करेगी और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग करेगी।
खाद की किल्लत और कालाबाजारी से तंग आ चुका है किसान
अन्नदाता के संकट का जिक्र करते हुए जिला अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश का किसान खाद और बिजली के लिए त्रस्त है। सोसायटियों से डीएपी और यूरिया गायब है, जबकि खुले बाजार में एनपीके महंगे दामों पर बेची जा रही है। टोकन व्यवस्था के नाम पर किसानों को कई-कई दिनों तक कतारों में खड़ा रखा जा रहा है। हर तरफ खाद की कालाबाजारी और मनमाने दाम वसूली की शिकायतें आ रही हैं, जिससे बुवाई प्रभावित हो रही है। इसके अलावा मूंग खरीदी का कोटा कम करके सरकार ने किसानों को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया है। कांग्रेस इन मुद्दों पर किसानों के साथ सडक़ पर उतरेगी।
उज्जैन भूमि प्रकरण और महाकाल लोक पर मुख्यमंत्री तोड़ें चुप्पी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को सीधे घेरते हुए राजीव गुजराती ने कहा कि राष्ट्रीय समाचार पत्र की रिपोर्ट में मुख्यमंत्री से जुड़े उज्जैन भूमि प्रकरण को लेकर जो गंभीर सवाल उठाए गए हैं, उन पर आज तक सरकार ने कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया है। अगर मुख्यमंत्री निर्दोष हैं तो वे डर क्यों रहे हैं, उन्हें इस पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराकर तथ्य जनता के सामने रखने चाहिए। इसके साथ ही महाकाल लोक परियोजना में हुए घटिया निर्माण और अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के चंदे से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं की भी पारदर्शी जांच होनी चाहिए, क्योंकि यह करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का विषय है।
भ्रष्टाचार की पोल खोलेगा कांग्रेस का गोपनीय पोर्टल
राजीव गुजराती ने एक बड़ा ऐलान करते हुए बताया कि प्रदेश कांग्रेस जल्द ही एक विशेष डिजिटल पोर्टल शुरू करने जा रही है। इस पोर्टल पर प्रदेश का कोई भी आम नागरिक सरकारी भ्रष्टाचार, अधिकारियों व नेताओं द्वारा सार्वजनिक संसाधनों के दुरुपयोग या अवैध संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज और जानकारी पूरी तरह से गोपनीय रूप से साझा कर सकेगा। जानकारी देने वाले नागरिक की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी और तथ्यों की जांच के बाद उन घोटालों को जनता के सामने उजागर किया जाएगा।
यह किसी व्यक्ति से नहीं, व्यवस्था के खिलाफ संघर्ष है
कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने साफ किया कि मध्य प्रदेश कांग्रेस का यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं है, बल्कि यह सूबे के युवाओं, किसानों, पारदर्शी शासन और लोकतांत्रिक मूल्यों को बचाने का संकल्प है। जब तक छात्रों को न्याय, किसानों को पर्याप्त खाद-बिजली और भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच नहीं हो जाती, तब तक कांग्रेस का यह लोकतांत्रिक संघर्ष रुकने वाला नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button