Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

सीवन नदी पहुंचे कांग्रेसी, 3.79 करोड़ के पिचिंग कार्य पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप, जांच की मांग

सीहोर। सीवन नदी का कायाकल्प चाहिए, भ्रष्टाचार का नहीं। जनता अब जवाब भी मांग रही है और कार्रवाई भी। यह आरोप कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजीव गुजराती ने सीवन नदी पिचिंग कार्य का निरीक्षण करने के बाद लगाया। उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स के पैसों का दुरुपयोग किया जा रहा है और इस पूरे मामले में ठेकेदार तथा नगर पालिका अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध है।
कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती, नेता प्रतिपक्ष विवेक राठौर और नगर अध्यक्ष घनश्याम यादव कार्यकर्ताओं के साथ सीवन नदी पर चल रहे 3 करोड़ 79 लाख रुपये के पिचिंग कार्य स्थल पर पहुंचे। वहां की जमीनी हकीकत देखकर सभी हैरान रह गए। नेताओं ने आरोप लगाया कि जहां बाढ़ और पानी के बहाव को रोकने के लिए मजबूत निर्माण होना चाहिए था, वहां के पत्थर मात्र हाथ लगाने से ही उखड़ रहे हैं। निर्माण की पोल खोलते हुए उन्होंने कहा कि नीचे केवल मिट्टी और मुरम भरी गई है और उसके ऊपर सीमेंट की सिर्फ एक पतली परत चढ़ा दी गई है। क्या यही विकास का असली मॉडल है। यह सीधे-सीधे जनता की गाढ़ी कमाई और उनके विश्वास के साथ खिलवाड़ है।
मलबे से ही बनाई जा रही है बाउंड्री वॉल
मौके पर मौजूद नेता प्रतिपक्ष विवेक राठौर ने तकनीकी लापरवाही को उजागर करते हुए कहा कि रिटर्निंग वॉल के नाम पर सिर्फ लीपापोती की जा रही है। हाल ही में सीवन नदी के गहरीकरण के दौरान जो मलबा निकला था, वह साइड में ही पड़ा हुआ था। ठेकेदार उसी मलबे को उठाकर बाउंड्री बना रहा है और उसे छिपाने के लिए ऊपर से मामूली सीमेंट, चुरी और पत्थर से ढक दिया गया है। इस पूरे मामले की त्वरित और निष्पक्ष जांच होनी बेहद जरूरी है।
कलेक्टर, सांसद और विधायक खुद नदी में उतरकर देखें
कांग्रेस पार्टी ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सवाल किए हैं। राजीव गुजराती ने मांग की है कि जिले के कलेक्टर, सांसद, विधायक और नगर पालिका अध्यक्ष स्वयं सीवन नदी में उतरकर इस निर्माण कार्य का निरीक्षण करें। वे खुद देखें कि जनता के 3.79 करोड़ के बजट को किस तरह ठिकाने लगाया जा रहा है।
कांग्रेस की यह मांग
कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने पूरे निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है इसके साथ ही भ्रष्टाचार साबित होने पर संबंधित ठेकेदार को तत्काल ब्लैकलिस्ट किया जाए। नगर पालिका के दोषी अधिकारियों और ठेकेदार पर एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई हो। जनता के पैसे की एक-एक पाई की वसूली सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल में ब्लॉक अध्यक्ष घनश्याम यादव, प्रीतम दयाल चौरसिया, रमेश गुप्ता, सुनील दुबे, केके रिछारिया, विनीत गोयल, तनिष्क त्यागी, शुभम त्यागी, जितेन्द्र परमार और अरबाज खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button