प्रदेश भाजपा संगठन के निर्देश सीहोर जिले में बेअसर, सिर्फ एक मोर्चे की हुई घोषणा!

- समस्त मोर्चों के प्रदेश प्रभारी मनोरंजन मिश्रा व भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने भाजपा कार्यालय में ली पदाधिकारियों की बैठक

सीहोर। सीहोर जिला भाजपा को प्रदेश भाजपा कार्यालय एवं संगठन के वरिष्ठ नेताओं के निर्देशों की चिंता नहीं है। शायद यही कारण है कि अब तक सिर्फ जिले में एक ही मोर्चे की घोषणा हो सकी है। पिछले दिनों भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष कैलाश बगाना ने मोर्चा के जिला पदाधिकारियों की घोषणा की है। इसमें भी उन्होंने महिलाओं को बेहद कम स्थान दिया है। कुल 79 सदस्यों की जिला कार्यकारिणी घोषित की गई है। इधर गत दिवस भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में भाजपा के समस्त मोर्चों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक को भाजपा मध्यप्रदेश के समस्त मोर्चों के प्रदेश प्रभारी मनोरंजन मिश्रा व भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने संबोधित किया। इससे पहले बैठक का शुभारंभ भारत माता, डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने प्रदेश प्रभारी मनोरंजन मिश्रा का पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। इसी के साथ सभी मोर्चों के जिलाध्यक्षों ने भी संयुक्त मोर्चों के प्रदेश प्रभारी का स्वागत किया।
समस्त मोर्चों के प्रभारी ने कहा, समय पर करें कार्यकारिणी की घोषणा-
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी मनोरंजन मिश्रा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का एक ही मूलमंत्र है- राष्ट्र प्रथम। भाजपा सत्ता प्राप्ति के उद्देश्य से नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम की भावना से प्रेरित होकर जनसेवा के लिए राजनीति करती है। उन्होंने सभी मोर्चों के जिलाध्यक्षों को निर्धारित समय-सीमा में अपनी कार्यकारिणी घोषित करने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्यकारिणी में जमीनी स्तर पर सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता से अवसर दिया जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भारत में ऐसी शक्तियां एकत्रित हो रही हैं, जो देश की एकता और अखंडता को कमजोर करने की बात करती हैं। कांग्रेस सहित विपक्षी दलों का ऐसी ताकतों के साथ खड़ा होना चिंताजनक है।
भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी के सभी मोर्चे संगठन के महत्वपूर्ण अंग हैं। जिस प्रकार शरीर के प्रत्येक अंग की अपनी अलग भूमिका और महत्ता होती है, उसी प्रकार भाजपा के प्रत्येक मोर्चे की संगठन एवं समाज के प्रति महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सभी मोर्चों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती के साथ-साथ समाज के प्रति अपने दायित्वों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन करना चाहिए। बैठक में प्रदेश प्रभारी मनोरंजन मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, जिला उपाध्यक्ष आनंद पटेल, जिला मंत्री प्रीति सोनी, जिला मीडिया प्रभारी प्रितेश राठौर, किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश पंवार, अजजा मोर्चा प्रदेश सह सोशल मीडिया प्रभारी अनिता भंडेरिया एवं अजा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रवि नागले मंचासीन रहे। बैठक में युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा एवं किसान मोर्चा के जिलाध्यक्षों सहित सभी मोर्चों के जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा के अजा मोर्चा में महिलाओं की अनदेखी-
सीहोर जिले में भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष कैलाश बगाना ने संगठन के निर्देशों का पालन करते हुए अपनी कार्यकारिणी की घोषणा तो कर दी, लेकिन कार्यकारिणी में महिलाओं की अनदेखी की गई है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर भाजपा अजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भगवान परमान, संभाग प्रभारी डॉ. तेजबहादुर सिंह, जिला प्रभारी विकास विरानी एवं जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा की सहमति से घोषित हुई जिला कार्यकारिणी में 25 जिला पदाधिकारी शामिल किए गए हैं, लेकिन इनमें सिर्फ एक महिला पदाधिकारी सपना मालवीय को जिला मंत्री बनाया गया है। इसी तरह 40 जिला कार्यसमिति सदस्यों में सिर्फ एक महिला संतोषी मालवीय को सदस्य बनाया गया है। 14 जिला स्थाई आमंत्रित सदस्यों को शामिल किया गया है, जिनमें तारा कटारिया भाजपा जिला महामंत्री, पार्वती कैलाश बगाना पूर्व जिला पंचायत सदस्य, दीक्षा सोनू गुणवान जनपद अध्यक्ष एवं कुमारी मंजू वेद्य नगर पंचायत अध्यक्ष को शामिल किया गया है। भाजपा अजा मोर्चा के सीहोर जिलाध्यक्ष कैलाश बगाना का कहना है कि कार्यकारिणी में अभी 8 पद रिक्त हैं और इन पदोें पर महिला कार्यकर्ताओं को स्थान दिया जाएगा। संगठन के निर्देशों का पालन करते हुए कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है और जल्द ही शेष बचे हुए पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी।

Exit mobile version