भाजपा महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष सीमा परिहार के निवास पर जिलाध्यक्ष रितु जैन का स्वागत

सीहोर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की नगर मंडल अध्यक्ष सीमा परिहार के निज निवास पर एक स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिलाध्यक्ष रितु आनंद जैन के पुन: जिलाध्यक्ष मनोनीत होने पर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम में उपस्थित महिला शक्ति ने पुष्पगुच्छ भेंट कर और माल्यार्पण कर रितु जैन का स्वागत किया तथा उन्हें इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए बधाई दीं।
स्वागत समारोह के पश्चात आयोजित संगठनात्मक बैठक में आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित महिला कार्यकर्ताओं ने संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए आगामी कार्यक्रमों, सदस्यता अभियान, बूथ सशक्तिकरण और जनसंपर्क गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प लिया। इसके साथ ही सामाजिक सरोकारों से जुड़ते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम छोर पर बैठी महिलाओं तक पहुंचाने और संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी विशेष विचार-विमर्श किया गया।
महिला शक्ति ही संगठन की असली ताकत
भाजपा जिलाध्यक्ष रितु आनंद जैन ने सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने संबोधित करते हुए कहा भारतीय जनता पार्टी में महिला शक्ति केवल एक मोर्चा नहीं, बल्कि संगठन की सबसे मजबूत रीढ़ और ताकत है। हमारी महिला कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ स्तर पर सक्रिय होकर पार्टी को मजबूत बनाने में अपनी महती भूमिका निभा रही हैं। इन्हीं कर्मठ कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और सक्रिय सहयोग के बल पर भाजपा लगातार सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है।
स्वागत समारोह एवं बैठक में मुख्य रूप से नगर मंडल अध्यक्ष सीमा परिहार के साथ मधु पाठक, गिरजा कुशवाहा, तारा कटारिया, पिंकी सोनी, रिंकू महेश्वरी, सरोज सिंह ठाकुर, नूतन राठौर, रेखा चौरसिया, अर्चना चौहान, मिथलेश राठौर, पुष्पलता राठौर, उमा खत्री, सीमा शर्मा, प्रियंका मिश्रा सहित महिला मोर्चा की अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।

Exit mobile version