Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित था डॉ. मुखर्जी का जीवन: गौरव रणदीवे

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर भाजपा का जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न

सीहोर। भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूरे देश में संस्मरण पक्ष मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में भाजपा का जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आष्टा के माधव मैरिज गार्डन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण, सूत की माला अर्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

कार्यकर्ता सम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री गौरव रणदीवे ने कहा आज मैं आपके समक्ष उस महापुरुष के जीवन पर चर्चा करने के लिए उपस्थित हुआ हूूं, जिन्होंने मात्र 52 वर्ष के अल्प जीवन में शिक्षा, समाज और राजनीति, तीनों ही क्षेत्रों में ऐसी अमिट छाप छोड़ी कि आज लगभग सात दशक बाद भी पूरा राष्ट्र उन्हें श्रद्धापूर्वक स्मरण करता है। वे उन महान व्यक्तित्वों में से थे, जो केवल इतिहास का हिस्सा बनने नहीं, बल्कि इतिहास रचने के लिए आए थे।
श्री रणदीवे ने डॉ. मुखर्जी के पारिवारिक पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए बताया कि उनके पिता स्वयं एक प्रखर शिक्षाविद थे, जो कलकत्ता विश्वविद्यालय के कुलपति रहे और जिन्हें बंगाल का बाघ कहा जाता था। अंग्रेजी शासन के उस चुनौतीपूर्ण दौर में भी उनके परिवार ने राष्ट्रहित की विचारधारा को आगे बढ़ाया।
मातृभाषा और राष्ट्रीय स्वाभिमान को दी प्राथमिकता
प्रदेश महामंत्री ने कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि 6 जुलाई 1901 को जन्मे डॉ. मुखर्जी चाहते तो इंग्लैंड में बैरिस्टर के रूप में ऐशो-आराम का जीवन व्यतीत कर सकते थे, किंतु उन्होंने राष्ट्रसेवा को चुना। अंग्रेजी शासन के उस समय में, जब अंग्रेजी बोलना सम्मान का प्रतीक माना जाता था, तब डॉ. मुखर्जी ने कलकत्ता विश्वविद्यालय में बंगला सहित अन्य भारतीय भाषाओं को सम्मान दिलाने का साहसिक कार्य किया। उन्होंने स्नातक की शिक्षा और डिग्रियाँ भारतीय भाषाओं में भी प्रदान करने की दूरदर्शी पहल की, जो उस दौर में राष्ट्रीयता का सबसे बड़ा उदाहरण था। सम्मेलन को भाजपा जिला प्रभारी विकास विरानी, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा और आष्टा विधायक गोपाल इंजीनियर ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के जीवन से प्रेरणा लेकर संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में यह रहे मंचासीन
इस जिला स्तरीय सम्मेलन में पिछड़ा वर्ग वित्त विकास निगम के अध्यक्ष रवि मालवीय, जिला महामंत्री पंकज गुप्ता, जितेंद्र गौड़, तारा कटारिया, आष्टा नगरपालिका अध्यक्ष हेमकुंवर मेवाड़ा, मंडल अध्यक्ष अंजलि चौरसिया, बाबूलाल पटेल, मायाराम गौर और राजकुमार गुप्ता सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button