
सुमित शर्मा, सीहोर।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव की फटकार का असर दिखाई देने लगा है। यही कारण है कि भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला पदाधिकारियों की पहली बैठक बुलाई गई। इधर अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा सलकनपुर मंडल के पदाधिकारियों की भी सूची जारी कर दी गई है। यहां बता दें कि पिछले दिनों प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित हुई भाजपा के मोर्चों, प्रकोष्ठों एवं प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों सहित अन्य पदाधिकारियों को फटकार लगाई थी कि चुनाव सर पर है और मोर्चों, प्रकोष्ठों एवं मंडलों में अब तक नियुक्तियां नहीं हो पाईं हैं। इस फटकार के बाद से मोर्चों के काम की रफ्तार अचानक से बढ़ गई है।
भारतीय जनता पार्टी चुनावी तैयारियों में जुट गई है। चुनावी तैयारियों के लिए मोर्चों की बैठकें भी शुरू हो गईं है। भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला सीहोर के पदाधिकारियों की पहली बैठक सीहोर के टॉउन हाल में आयोजित की गई। इसमें जिलेभर के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मालवीय, विशिष्ट अतिथियों में राजकुमार गुप्ता जिला महामंत्री, नरेश मेवाड़ा पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष, प्रिंस राठौर भाजपा सीहोर मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे। बैठक का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलित के साथ किया गया।
मैदान में उतरकर जमीनी स्तर पर कार्य करें : रवि मालवीय
भाजयुमो जिला सीहोर के पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मालवीय ने कहा कि युवा मोर्चा पार्टी की रीढ़ है औैर आप सबको जो दायित्व दिए गए हैं वे बेहद महत्वपूर्ण है। अब युवा मोर्चा मैदान में उतरकर जमीनी स्तर पर कार्य करें। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा का कार्यकर्ता कोई साधारण व्यक्ति नहीं है। भाजपा में कार्यकर्ता सर्वोपरी है। कार्यकर्ता ही विधायक, सासंद, मंत्री, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री तक बनता है। कार्यकर्ता की छवि समाज में उत्कृष्ठ होना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता को मीठा बोलने के लिए मुंह में शकर का भाव रखना चाहिए और संगठन के कार्य के लिए पैरों में चक्कर हमेशा चलने के लिए तैयार होना चाहिए। कार्य को ठंडे दिमाग से सोच विचार कर वरिष्ठों से सलाह लेकर करने के लिए सिर बर्फ की तरह ठंडा रखना चाहिए। संगठन के प्रति आस्था और कार्य करने की क्षमता बनी रहे, इसलिए दिल में आग भी रखना चाहिए।
15 मई से 15 जून तक चलेगा अभियान-
भाजयुमो के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र पाटीदार ने बैठक में उपस्थित अतिथियों एवं पदाधिकारियों के समक्ष आगामी कार्ययोजनाओें की विस्तृत जानकारी सामने रखी। भूपेंद्र पाटीदार ने कहा कि हम सबको संगठन ने जो जिम्मेदारी एवं दायित्व सौंपे हैं उनको सभी मिलकर पूरा करेंगे। आगामी समय में लगातार कार्यक्रम है, इसलिए सभी कमर कसकर तैयार रहें, क्योंकि आने वाले समय में लगातार चुनाव ही चुनाव है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में श्रद्धेय कुषाभाऊ ठाकरे का जन्मशताब्दी वर्ष मनाया जाएगा। इसके अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी संगठन पर्व यूथ कनेक्ट 15 मई से 15 जून तक युवा जोड़ों अभियान शुरू किया जा रहा है। इसके अलावा मंडल स्तर से लेकर जिला स्तर पर भाषण प्रतियोगिता भी की जाएगी। सोशल मीडिया कैम्पन, युवा सम्मेलन, नव भारत में युवाओं की भूमिका, पर्यावरण, आपातकाल, नई शिक्षा नीति, स्टार्ट अप इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, आजादी का अमृत महोत्सव, संविधान निर्माता आंबेडकर से संबंधित कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। बैठक में चारों विधानसभाओं के अलग-अलग प्रभारी एवं सह प्रभारी भी बनाए गए हैं। सबसे महत्वपूर्ण बुधनी विधानसभा का प्रभारी युवा नेता एवं युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष चेतन पटेल को बनाया गया है तो वहीं सहप्रभारी शक्ति सिंह को बनाया है। बैठक में जिले के सभी 19 मंडलों के अध्यक्ष, महामंत्री सहित जिला पदाधिकारी मौजूद रहे।
भाजपा अपिव मोर्चा के ये बने पदाधिकारी-
भारतीय जनता पार्टी के अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा सलकनपुर मंडल के पदाधिकारियों की घोषणा भी हो गई। अब दो मंडल नसरूल्लागंज एवं गोपालपुर की घोषणा होना शेष है। भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मालवीय, सलकनपुर मंडल अध्यक्ष प्रेमनारायण मीणा, जिलाध्यक्ष अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा बनवीर सिंह चंद्रवंशी एवं मंडल अध्यक्ष अन्य पिछड़ा वर्ग सलकनपुर मंडल कैलाश कीर के हस्ताक्षर के साथ जारी हुई सूची में नरेंद्र लोवंशी, धनसिंह चौहान, जगमेंदर ठाकुर, भगवानसिंह पाल, सोनू चौहान, गोपाल कीर, उत्तम यादव, दीपेंद्र चौहान को उपाध्यक्ष बनाया गया है। मुकेश विश्वकर्मा एवं अशोक यादव को महामंत्री नियुक्त किया गया है। मंत्री पद राजेश यादव, सतीश चौहान, प्रमोद सैनी, हरिशंकर यादव, सोनू पाल, अंकित यादव, विनोद नागर, सतीश कीर को दिया गया है। प्रदीप गौर कार्यालय मंत्री, सुमित चंद्रवंशी सह कार्यालय मंत्री, अशोक यादव कोषाध्यक्ष, शैलेंद्र गौर सोशल मीडिया प्रभारी, विनोद प्रजापति सह सोशल मीडिया प्रभारी, नीरज यादव सह सोशल मीडिया प्रभारी, जितेंद्र लोवंशी मीडिया प्रभारी, सुमित चौहान सह मीडिया प्रभारी, अभिषेक ठाकुर को सह मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है। इस सूची में सदस्यों के रूप में राहुल गिरी, सूरज यादव, मनीष कुमार गौर, हीरालाल यादव, कमल किशोर मेहता, महेश ओट, सुनील केवट एवं भीमसिंह कीर को शामिल किया गया है।