Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

नाना घर रिजॉर्ट में मिले एक्सपायरी डेट के पापड़ और कीड़े लगे चावल

खाद्य सुरक्षा विभाग का आष्टा में छापाए 4 दुकानों से लिए सैंपल

सीहोर। खाद्य पदार्थों में मिलावट और घटिया सामग्री बेचने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कलेक्टर बालागुरु के. के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आष्टा तहसील में कई प्रसिद्ध रेस्टोरेंट, रिजॉर्ट और किराना दुकानों पर अचानक छापेमारी की। इस दौरान नाना घर रिजॉर्ट में बेहद लापरवाही भरा मामला सामने आया, जहां ग्राहकों को परोसने के लिए रखे गए चावलों में कीड़े मिले और पापड़ एक्सपायरी डेट के पाए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बंसल के नेतृत्व में पहुंची टीम ने क्षेत्र के कई प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की और सैंपल एकत्र किए।
नाना घर रिजॉर्ट: जांच के दौरान किचन में रखे चावलों में कीड़े रेंगते मिले, जबकि पापड़ की एक्सपायरी डेट निकल चुकी थी। टीम ने यहां से चावल और पापड़ के नमूने जब्त कर सख्त हिदायत दी।
न्यू मनोज रेस्टोरेंट: टीम ने रेस्टोरेंट के किचन की सफाई और गुणवत्ता जांचते हुए भाजीबड़ा और कचौड़ी के सैंपल लिए।
राधा रानी रिजॉर्ट: यहां से दाल और चावल के दो अलग-अलग नमूने संग्रहित किए गए।
ओम शिवम किराना एवं जनरल स्टोर: दुकान से बिक्री के लिए रखे रोस्टेड चने का एक सैंपल जांच के लिए लिया गया।
लैब भेजी जा रही सैंपल रिपोर्ट
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि एकत्र किए गए सभी खाद्य नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य स्तरीय राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत संबंधितों के खिलाफ वैधानिक और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने जिले के सभी खाद्य कारोबारियों और रेस्टोरेंट संचालकों को चेतावनी दी है कि वे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, शुद्धता और साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें। आम जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे निरीक्षण आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button