Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

नए मुख्य सचिव को लकड़ी का हल भेंट कर किसानों ने सौंपा मांग पत्र

सीहोर। ग्राम चंदेरी, रामाखेड़ी सहित आसपास के विभिन्न गांवों के किसानों ने किसान एवं समाजसेवी एमएस मेवाड़ा के नेतृत्व में भोपाल स्थित वल्लभ भवन पहुंचकर मध्य प्रदेश के नव नियुक्त मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल से सौजन्य भेंट की। इस दौरान किसानों ने लकड़ी का हल भेंट कर मुख्य सचिव का सम्मान किया और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं से अवगत कराया।
इस भेंट के दौरान समाजसेवी एमएस मेवाड़ा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किसानों के खातों में मुख्यमंत्री किसान कल्याण सम्मान निधि की दो किस्तों के रूप में 4000 की राशि जारी किए जाने पर प्रदेश सरकार का धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।
ग्रामीण की समस्याओं से कराया अवगत
किसानों ने मुख्य सचिव के सामने ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ी प्रमुख समस्याओं को मजबूती से रखा। उन्होंने मांग की कि गांवों में सडक़, निर्बाध बिजली आपूर्ति, पेयजल और अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की तत्काल व्यवस्था की जाए। विद्युत मंडल की लापरवाही से होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। मुख्यमंत्री मॉनिटर प्रकरण के अंतर्गत सीहोर जिले के गांवों में अनुसूचित जाति बस्ती विकास योजना के तहत पिछले वर्ष स्वीकृत सीसी रोड निर्माण कार्यों की अटकी हुई राशि शीघ्र जारी की जाए। किसानों ने बताया कि बजट आवंटित न होने से विकास कार्य ठप पड़े हैं, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।
मुख्य सचिव ने दिया कार्रवाई का भरोसा
मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल ने किसानों की सभी मांगों और समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनहित और ग्रामीण विकास से जुड़े मामलों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अनुसूचित जाति बस्ती विकास योजना के तहत लंबित राशि जारी कराने और बिजली-पानी से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को तुरंत आवश्यक निर्देश देने का भरोसा दिलाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button