सडक़ हादसे में मादा नीलगाय की मौत, वन विभाग ने शुरू की जांच

सीहोर। मुख्यालय के नजदीकी ग्राम लसुडिय़ा के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से मादा नीलगाय की अकाल मृत्यु हो गई। शनिवार को हुए इस हादसे के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सीहोर जिला मुख्यालय भेजा है।
बता दें वन विभाग को सूचना मिली थी कि लसुडिय़ा क्षेत्र में सडक़ किनारे एक नीलगाय मृत अवस्था में पड़ी है। सूचना मिलते ही वन अधिकारियों की टीम घटना स्थल पर पहुंची और मौका मुआयना किया। टीम द्वारा तैयार किए गए पंचनामे के अनुसार प्रथम दृष्टया नीलगाय की मौत किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन की जोरदार टक्कर लगने से हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
वन विभाग ने मृत मादा नीलगाय के शव को सीहोर स्थित पशु चिकित्सालय पहुंचाया। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की वैधानिक और विभागीय कार्रवाई तय की जाएगी।
अज्ञात वाहन की तलाश जारी
हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया। वन विभाग ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विभाग की टीम आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि आरोपी वाहन का पता लगाया जा सके।



