पहली ही बारिश में खुली पोल, रेहटी के नवनिर्मित सीएम राइज स्कूल की छत से टपका पानी, वीडियो वायरल
कांग्रेस नेता मस्ताल ने साधा निशाना, शिक्षा के मंदिर को भी नहीं बख्शा

सीहोर। रेहटी स्थित नवनिर्मित सीएम राइज वर्तमान सांदीपनी स्कूल के भवन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि अभी मॉनसून की पहली ही बारिश हुई है और करोड़ो की लागत से बना यह नया भवन जवाब दे गया। स्कूल की छत से पानी टपकने के कारण बच्चे टपकती छत के नीचे बैठकर पढऩे को मजबूर हैं।

इस मामले को लेकर अब सियासत भी गरमा गई है। कांग्रेस के प्रदेश सचिव और बुधनी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी विक्रम मस्ताल शर्मा ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज पूरे प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, सडक़ और सिंचाई जैसे हर सार्वजनिक निर्माण कार्य में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है। उन्होंने कहा जनता अपनी गाढ़ी कमाई का टैक्स देती है, लेकिन उस पैसे से बनी इमारतें पहली ही बारिश भी नहीं झेल पा रही हैं। यह सिर्फ लापरवाही नहीं है, बल्कि सीधे तौर पर भ्रष्टाचार और जनता के पैसों की बर्बादी है। जिस स्थान पर बच्चों का भविष्य गढ़ा जाना चाहिए, वहां उनकी सुरक्षा को ताक पर रख दिया गया है। मस्ताल ने कहा कि प्रदेश में यह कोई पहली घटना नहीं है। लगातार ऐसी तस्वीरें सामने आ रही हैं जहां नई सडक़ें उखड़ रही हैं और सरकारी भवनों में पानी भर रहा है। जनता अब केवल बड़ी-बड़ी घोषणाएं और उद्घाटन नहीं, बल्कि टिकाऊ और ईमानदार विकास चाहती है।
कांग्रेस ने की यह मांग
कांग्रेस नेता और स्थानीय नागरिकों ने इस मामले में प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है। कांग्रेस नेता ने कहा कि रेहटी के सीएम राइज स्कूल भवन के निर्माण की किसी स्वतंत्र एजेंसी से उच्च स्तरीय तकनीकी जांच कराई जाए। निर्माण एजेंसी, संबंधित लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और गुणवत्ता सर्टिफिकेट देने वाले जिम्मेदार लोगों पर एफआईआर दर्ज कर जवाबदेही तय की जाए। स्कूल की छत को तुरंत ठीक किया जाए ताकि बच्चों को सुरक्षित और बेहतर माहौल मिल सके। हाल ही में प्रदेशभर में बने सभी नए सरकारी भवनों का एक स्वतंत्र क्वालिटी ऑडिट कराया जाए।



