Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

सीहोर में गूंजेगी छात्रों की गूंज, 14-15 जुलाई को जीतू पटवारी के नेतृत्व में निकलेगी युवा स्वाभिमान यात्रा

पहले दिन आष्टा तो दूसरे दिन आएगी सीहोर, कोतवाली चौराहा पर होगी जनसभा

सीहोर। प्रदेश के युवाओं, छात्रों और किसानों की आवाज बुलंद करने के लिए मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में युवा स्वाभिमान यात्रा ‘छात्रों की गूंज’ निकलने जा रही है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने बताया कि यह दो दिवसीय यात्रा 14 और 15 जुलाई को जिले के विभिन्न मार्गों से गुजरेगी, जिसका समापन भोपाल में मुख्यमंत्री आवास के घेराव के साथ होगा। यात्रा को लेकर जिला कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं और सभी विभागों व प्रकोष्ठों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती के अनुसार इंदौर, देवास और सोनकच्छ से होते हुए यह यात्रा सीहोर जिले की सीमा में प्रवेश करेगी। 14 जुलाई को पहले यह यात्रा दौलतपुर, सरहद्दी, मेहतवाड़ा, जावर जोड़, डोडी होते हुए आष्टा पहुंचेंगे। इस दौरान जावर जोड़ पर ग्रामीण छात्र-छात्राएं एवं चुनौतियां विषय पर सीधा संवाद कार्यक्रम होगा। जबकि आष्टा के पुराना दशहरा मैदान स्थित गोकुलधाम गार्डन में सांस्कृतिक कार्यक्रम और युवा संवाद के बाद यात्रा का रात्रि विश्राम आष्टा में ही होगा।
दूसरे दिन बड़ी सभा, भोपाल कूच
जिलाध्यक्ष गुजराती ने बताया कि अगले दिन 15 जुलाई को यात्रा कोठरी से चलकर अमलाहा, सौंडा, नापली, मुगीसपुर, इंदौर नाका, बढिय़ाखेड़ी, लीसा टॉकीज चौराहा, बड़ा बाजार, मेन रोड, कोतवाली चौराहा पहुंचेगी। कोतवाली चौराहे पर विशाल युवा स्वाभिमान जनसभा का आयोजन किया जाएगा, जिसे प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे। जनसभा के बाद यात्रा आनंद डेरी चौराहा, बस स्टैंड, बैंक ऑफ बड़ौदा, सेकड़ाखेड़ी रोड और फंदा टोल टैक्स होते हुए भोपाल की ओर बढ़ेगी, जहां कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे।
शिक्षा, रोजगार और स्वाभिमान का संकल्प
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने जिले के सभी युवा साथियों, छात्र-छात्राओं, किसान भाइयों और वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं सहित आम जनता से इस यात्रा में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा प्रदेश में शिक्षा के गिरते स्तर, बेरोजगारी और युवाओं के स्वाभिमान की लड़ाई है। यात्रा को सफर बनाने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी, ब्लॉक कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल, किसान कांग्रेस, महिला कांग्रेस समेत एससी-एसटी, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button