हमारी मृत्यु के बाद भी किसी को नया जीवन मिले, यही असल जिंदगी: विनय यादव

शासकीय महाविद्यालय रेहटी में अंगदान करने वाले महानुभावों का हुआ सम्मान

  1. सीहोर। शासकीय महाविद्यालय रेहटी में इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व अनूठे अंदाज में मनाया गया। उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशों के तहत आयोजित इस विशेष समारोह में स्वतंत्रता के उत्सव को अंगदान जैसे महादान के पवित्र संदेश के साथ जोड़ा गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य मनोज राठौर द्वारा ध्वजारोहण कर किया गया।

इस दौरान नगर के उन महान व्यक्तियों और उनके परिवारों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने अंगदान कर समाज के सामने मानवता की मिसाल पेश की है। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में विनय यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विनय यादव ने कहा हमारा जीवन दूसरों के काम आ सके, यही असल जीवन है। हमारी मृत्यु के बाद भी हमारे माध्यम से किसी को नया जीवन मिल सके, इससे बड़ा पुण्य और कोई नहीं हो सकता।
सोच का दायरा बढ़ाना होगा
विनय यादव ने अंगदान के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश देते हुए कहा कि मनुष्य को अपनी सोच का दायरा बढ़ाना होगा। उन्होंने भावुक अपील की कि मृत्यु के पश्चात बची अस्थियों की राख में भी एक नया पौधा लगाने का प्रयास किया जाना चाहिए, ताकि जाने के बाद भी इस धरती पर जीवन का नवसृजन होता रहे।
अंगदान से मिलती है असीम ऊर्जा और आनंद
समारोह में रेहटी के पत्रकार एसके चौहान की माताजी एवं अंगदानी जगदीश चौहान की पत्नी सुधा चौहान भी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्हें महाविद्यालय परिवार द्वारा सम्मानित किया गया। सुधा चौहान ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्हें किडनी दान करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। ऐसा महान कार्य करने के बाद उनके भीतर एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि अंगदान से मिलने वाले आनंद और आत्मसंतुष्टि का अनुमान केवल वही लगा सकता है जो यह कदम उठाता है।
स्वतंत्रता के नए आयाम गढ़ेगा अंगदान
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्राचार्य मनोज राठौर ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और कहा कि ऐसे प्रेरक व्यक्तित्वों से पूरे महाविद्यालय परिवार को अंगदान की प्रेरणा मिली है। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन में आगे बढक़र ही हम स्वतंत्रता के नए और सार्थक आयाम गढ़ पाएंगे। समारोह के दौरान महाविद्यालय के इको क्लब द्वारा मुख्य अतिथि विनय यादव एवं अन्य अतिथियों के द्वारा पौधारोपण भी कराया गया।
कार्यक्रम का विशेष आयोजन खेल अधिकारी मनोज वर्मा के संयोजन में हुआ। कार्यक्रम प्रभारी डॉ. डॉली दुबे रहीं, जबकि मंच का संचालन डॉ. भावना शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन डॉ. प्रभा रघुवंशी ने किया। इस अवसर पर सहायक प्राध्यापक सौम्या राजपूत, सोनम राय सहित महाविद्यालय का समस्त शैक्षणिक-अशैक्षणिक स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Exit mobile version