रेहटी वन परिक्षेत्र में वन माफियाओं के हौसले बुलंद, ढाबा बीट में सागौन के पेड़ों की अंधाधुंध कटाई, नदी पार मिले ताजा ठूंठ

सीहोर। रेहटी वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ढाबा बीट से वनों की अवैध कटाई का एक बड़ा मामला प्रकाश में आया है। यहां बेखौफ लकड़ी तस्करों द्वारा हरे-भरे सागौन के जंगलों को निशाना बनाया जा रहा है, जिससे पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय लोगों में गहरी चिंता है। इस मामले ने एक बार फिर वन विभाग की कार्यप्रणाली और गश्त व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
सूत्रों और वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार ढाबा बीट के कंपार्टमेंट नंबर 530 के लगभग 30 हेक्टेयर इलाके में अवैध कटाई की सनसनीखेज सूचना मिली थी। जब वन विभाग की टीम ने इस क्षेत्र की छानबीन की तो उनके होश उड़ गए। नदी के उस पार और जंगल के भीतर कई अलग-अलग जगहों पर बेशकीमती सागौन के पेड़ों के ताजा कटे हुए ठूंठ पाए गए। मौके के हालात देखकर साफ अंदाजा लगाया जा रहा है कि यहां बड़े पैमाने पर पेड़ों को काटकर सुनियोजित तरीके से अवैध लकड़ी तैयार की जा रही थी।
दो दिन पहले जब्त हुई थीं बाइक
ग्रामीणों के अनुसार रेहटी के इन जंगलों में अवैध कटाई का यह काला कारोबार रातों-रात शुरू नहीं हुआ है, बल्कि लंबे समय से यहां इस तरह की गतिविधियां चल रही हैं। तस्करों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें कानून का कोई खौफ नहीं है। हालांकि कुछ दिन पहले ही वन विभाग या सुरक्षा टीमों को भनक लगी थी, जिसके तहत कार्रवाई करते हुए तस्करों से जुड़ी दो मोटरबाइक्स भी जब्त किए जाने की बात सामने आई है। इसके बावजूद तस्करों की गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पा रहा है।



