Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

पटवारी की साइकिल यात्रा में साथ चले हनुमान…

सीहोर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के छात्रों की गूंज अभियान के तहत मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी की अगुवाई में निकाली जा रही 200 किलोमीटर लंबी साइकिल यात्रा साइक्लोथॉन बुधवार को जिला मुख्यालय आई और यहां से भोपाल के लिए रवाना हुई। इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय से शुरू हुई यह यात्रा बुधवार को सीहोर जिले के कोठरी कस्बे से आगे बढ़ी। इस यात्रा के जरिए कांग्रेस ने पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और युवाओं के मुद्दों को लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
इस यात्रा का एक बड़ा आकर्षण टीवी सीरियल रामायण-2 में भगवान हनुमान का किरदार निभाने वाले अभिनेता विक्रम मस्ताल शर्मा रहे। विक्रम मस्ताल, जिन्होंने साल 2023 के विधानसभा चुनाव में बुधनी सीट से तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था, इस यात्रा में कदम से कदम मिलाकर साइकिल चलाते दिखे। वे इंदौर से सीहोर और फिर वहां से भोपाल के लिए रवाना हुए। उनके साथ पूर्व मंत्री सचिन यादव भी साइकिल चलाते नजर आए।
किसानों ने ट्रैक्टरों से किया स्वागत, हाईवे पर लगा जाम
यात्रा के प्रति लोगों और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इंदौर-भोपाल हाईवे पर बड़ी संख्या में किसान अपने ट्रैक्टर लेकर पहुंचे और यात्रा का भव्य स्वागत किया। हालांकि इस भारी भीड़ के चलते दोपहर करीब 2 बजे फंदा के पास इंदौर-भोपाल हाईवे पर 2 से 3 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों को थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सीएम-पूर्व मुख्यमंत्री पर साधा निशाना
सीहोर में आयोजित एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर निशाना साधा। पटवारी ने कहा कि जब मैं मध्य प्रदेश में फैले भ्रष्टाचार के मुद्दे उठाता हूंए तो मुख्यमंत्री मुझे गालियां देते हैं। वे मुझे रद्दी वाला अध्यक्ष कहते हैं। क्या मैं रद्दी अध्यक्ष हूं।
जीतू पटवारी यहीं नहीं रुके उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कहकर शिवराज सिंह चौहान पर लगाम कसवा दी है। अब शिवराज सिंह चौहान अपने संसदीय क्षेत्र के अलावा मध्य प्रदेश के किसी अन्य हिस्से में नहीं जा सकते।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button