झमाझम बारिश का दौर जारी, पहली बार ओवरफ्लो हुई सीवन, देखने उमड़ी भीड़

सीहोर। जिले में मानसून पूरी तरह मेहरबान है और झमाझम बारिश का दौर लगातार जारी है। शहर में मंगलवार को हुई झमाझम बारिश मौसम को खुशनुमा बना दिया, वहीं इसके कारण शहर की जीवनदायिनी सीवन नदी इस सीजन में पहली बार ओवरफ्लो हो गई। कलकल बहती नदी के उफान पर आने के बाद इस नजारे को देखने शहर के कस्बा और हनुमान फाटक में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
बता दें लगातार हो रही बारिश से जिले के नदी-नाले उफान पर हैं। भू अभिलेख शाखा के अनुसार पिछले 24 घंटों में जिले में औसतन 1.57 इंच बारिश दर्ज की गई है। इस दौरान सबसे तेज बारिश जावर 2.72 इंच और आष्टा 2.28 इंच में रिकॉर्ड की गई। वहीं रेहटी में भी 2.14 इंच पानी बरसा। मुख्यालय की बात करें तो यहां 1.74 इंच बारिश हुई, जिससे अब तक का कुल आंकड़ा 10.81 इंच पहुंच गया है। वर्तमान में जिला भर में आष्टा 18.03 इंच कुल बारिश के साथ सबसे आगे चल रहा है।
पिछले साल से बेहतर हैं हालात
इस साल मानसून पिछले वर्ष की तुलना में ज्यादा मेहरबान दिख रहा है। आंकड़ों के मुताबिक पिछले साल 7 जुलाई तक जिले में कुल 293.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी, जबकि इस साल अब तक 322.0 मिमी बारिश हो चुकी है।
फसलों को मिला जीवनदान
इस झमाझम बारिश ने जिले के किसानों के चेहरों पर रौनक ला दी है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यह पानी सोयाबीन, मक्का और धान जैसी खरीफ फसलों के लिए अमृत समान है। जिन किसानों ने हाल ही में बोनी की थी, उनकी फसलों को इस बारिश से नया जीवनदान मिला है, जिससे फसलों की पैदावार अच्छी होगी।



