Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

‘हनुमान जी’ के गांव सलकनपुर में विशाल भंडारा…

सीहोर। रामायण पार्ट-2 में हनुमान जी के अपने जीवंत अभिनय से करोड़ों दिलों को जीतने वाले अभिनेता और नेता विक्रम मस्ताल की 3300 किलोमीटर लंबी नर्मदा पदयात्रा का पुण्य प्रताप अब विशाल भंडारे के रूप में साझा किया जाएगा। अपनी कठिन भक्ति यात्रा के सफल समापन के बाद विक्रम मस्ताल 22 मार्च को मां बिजासन की पावन धरा सलकनपुर में एक भव्य भंडारे का आयोजन करने जा रहे हैं।
मां नर्मदा की पैदल परिक्रमा पूर्ण होने की खुशी में आयोजित यह विशाल भंडारा रविवार 22 मार्च को सुबह 11 बजे से सलकनपुर धाम के ग्राम इटारसी निज निवास पर शुरू होगा। ‘हनुमान’ के रूप में पहचाने जाने वाले विक्रम मस्ताल ने जिलेवासियों और श्रद्धालुओं से सपरिवार पधारकर प्रसाद ग्रहण करने और मां का पुण्य लाभ लेने की भावपूर्ण अपील की है।
3300 किमी की कठिन यात्रा
बता दें विक्रम मस्ताल ने 3 नवंबर को ओंकारेश्वर से अपनी यह पदयात्रा शुरू की थी। 100 दिनों तक चली इस 3300 किलोमीटर की दुर्गम यात्रा का समापन 7 फरवरी को हुआ। यात्रा के दौरान मस्ताल ने न केवल धार्मिक अनुष्ठान किए, बल्कि नर्मदा संरक्षण और स्वच्छता का संदेश भी दिया। यात्रा की पूर्णता पर उन्होंने मां नर्मदा को चुनरी अर्पित कर प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
गांव-गांव हुआ स्वागत
इस 100 दिवसीय यात्रा के दौरान विक्रम मस्ताल का अनुभव बेहद भावुक रहा। कई गांवों में जब लोगों को पता चला कि ‘हनुमान जी’ का किरदार निभाने वाले अभिनेता स्वयं चलकर उनके द्वार आए हैं तो उत्सव जैसा माहौल बन गया। ग्रामीणों ने उन्हें रोककर टीवी पर उनके पुराने रामायण सीरियल के दृश्य दिखाए। स्कूली बच्चों में उन्हें लेकर भारी उत्साह रहा। मस्ताल ने बच्चों के साथ समय बिताया और उन्हें नर्मदा सेवा सेना के उद्देश्यों से अवगत कराया।
नर्मदा को प्रदूषण मुक्त बनाने का संकल्प
नर्मदा सेवा सेना के प्रदेश संयोजक के रूप में विक्रम मस्ताल ने इस पूरी यात्रा के दौरान पर्यावरण संरक्षण की आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि नर्मदा जी को फैक्ट्रियों के दूषित पानी से बचाना हर नागरिक का धर्म है। 2023 के विधानसभा चुनाव में मजबूती से अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के बाद इस धार्मिक यात्रा ने उन्हें जन-जन के और भी करीब ला दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button