Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

अवैध शराब के मालिक का लगा सुराग, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

सीहोर। थाना जावर पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन और भंडारण के मामले में एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने पिछले महीने श्मशान घाट से बरामद हुई लावारिस शराब के असली मालिक का पता लगाकर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी के पास से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की गई थी, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था।
घटना का खुलासा 18 अप्रैल को हुआ था, जब पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बमुलिया के श्मशान घाट के अंदर एक पुराने पानी के टैंकर में अवैध शराब छिपाई गई है। पुलिस ने जब मौके पर दबिश दी तो टैंकर के अंदर से देशी प्लेन मदिरा के 450 क्वाटर बरामद हुए। कुल 81 लीटर शराब की कीमत करीब 36 हजार रुपये आंकी गई थी। उस समय आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा था, जिस पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
साक्ष्यों के आधार पर दबोचा गया आरोपी
विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की पहचान की। शनिवार को पुलिस ने दबिश देकर राहुल पिता कुमैर सिंह निवासी बमुलिया रायमल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अवैध शराब के कारोबार से जुड़े अन्य नामों का भी खुलासा हुआ है।
एक अन्य आरोपी अब भी फरार
पुलिस की इस कार्रवाई में राहुल तो हत्थे चढ़ गया, लेकिन इस अवैध कारोबार में शामिल उसका साथी अरविंद सैंधव निवासी जोलाई अभी फरार है। जावर पुलिस ने बताया कि अरविंद की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही वह भी पुलिस की गिरफ्त में होगा।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
अवैध शराब के मालिक का पता लगाने और गिरफ्तारी सुनिश्चित करने में एसडीओपी हेमंत पांडेय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संतोष विश्वकर्मा, प्रधान आरक्षक सुनील वर्मा, श्रीराम जाट, तेजभान सिंह, आरक्षक नरेन्द्र सैंधव, मनोज जाट, अनिल चौधरी, सुरेन्द्र मंडलोई और सैनिक राहुल परमार व बनेसिंह की विशेष भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button