Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

7 दिन बाद पुलिस लाइन ग्राउंड पर मनना है आजादी का पर्व, पर रास्ते में खतरे के गड्ढे

सीहोर। ठीक सात दिन बाद 15 अगस्त को देश का स्वाधीनता दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया जाएगा। जिले का मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह भी मंडी क्षेत्र स्थित पुलिस लाइन मैदान पर ही आयोजित होना है, जिसकी तैयारियां और परेड रिहर्सल जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं। लेकिन इस मुख्य आयोजन स्थल तक पहुंचने वाला सीहोर-दोराहा मार्ग प्रशासनिक अनदेखी के कारण हादसों का सबब बना हुआ है। मार्ग पर बने बड़े-बड़े गड्ढे और उनमें भरा बारिश का पानी आजादी के इस राष्ट्रीय पर्व की तैयारियों पर अव्यवस्था का पानी फेर रहा है।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं रोजाना परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की रिहर्सल के लिए पुलिस लाइन मैदान पहुंच रहे हैं। स्वामी विवेकानंद हाईस्कूल के सामने और पुलिस लाइन मैदान के ठीक समीप सडक़ किनारे बड़े और गहरे गड्ढे हो चुके हैं। बारिश के कारण इन गड्ढों में जलभराव हो चुका है, जिससे राहगीरों और बच्चों को इनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। बता दें सीहोर-दोराहा मार्ग बेहद व्यस्ततम रास्तों में से एक है, जहां दिन-रात दोपहिया व भारी वाहनों की आवाजाही लगी रहती है। ऐसे में कीचड़ और पानी से भरे गड्ढों के कारण स्कूली बच्चों के फिसलने या किसी वाहन की चपेट में आने का हर पल खतरा मंडरा रहा है।
15 अगस्त को इसी मार्ग से गुजरेंगे वीआईपी व नागरिक
15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह के दौरान जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और हजारों की संख्या में स्कूली बच्चे इसी मार्ग से होकर पुलिस मैदान पहुंचेंगे। यदि समय रहते इन गड्ढों को नहीं सुधारा गया तो मुख्य समारोह के दिन यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ.साथ किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
मुरम डालकर गड्ढे भरने की उठ रही मांग
स्थानीय निवासियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि 15 अगस्त के मुख्य समारोह को देखते हुए तत्काल इन जानलेवा गड्ढों में मुरम और गिट्टी डालकर समतलीकरण किया जाए, ताकि पर्व के दौरान असुविधा न हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button